पांच वोट पर अटका छात्रसंघ अध्यक्ष का ताज! हाईकोर्ट ने दिए दोबारा मतगणना के आदेश

खबर शेयर करें -

रामनगर/नैनीताल, प्रेस 15 न्यूज। रामनगर डिग्री कॉलेज के छात्रसंघ चुनाव में अध्यक्ष पद का बेहद करीबी मुकाबला अब हाईकोर्ट की चौखट तक पहुंच गया है।

महज पांच मतों से मिली हार को लेकर चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाने वाले प्रत्याशी सूरज रावत की याचिका पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने चुनाव समिति को पुनः मतगणना के निर्देश दिए हैं। कोर्ट ने चुनाव से जुड़े मतपत्रों, सीसीटीवी फुटेज समेत सभी रिकॉर्ड सुरक्षित रखने को भी कहा है। ऐसे में अब दोबारा होने वाली मतगणना पर सबकी नजरें टिक गई हैं।

Ad

मामला पी.एन.जी. राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रामनगर के छात्रसंघ अध्यक्ष पद के चुनाव का है। अध्यक्ष पद के प्रत्याशी सूरज रावत ने चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए हाईकोर्ट में रिट याचिका दायर की थी। याचिका में उन्होंने आरोप लगाया कि मतगणना के दौरान उनके प्रतिद्वंद्वी प्रत्याशी नीरज कण्डारी के पांच ऐसे मतों को वैध माना गया, जिन्हें सूरज रावत ने अवैध बताते हुए चुनाव समिति के समक्ष आपत्ति दर्ज कराई थी।

सूरज रावत का कहना है कि मतगणना के दौरान उन्होंने इन पांच मतों को लेकर चुनाव समिति के समक्ष आपत्ति दर्ज कराई थी। उनका आरोप है कि चुनाव समिति के सामने प्रत्यावेदन देने के बावजूद उनकी आपत्ति पर अपेक्षित सुनवाई नहीं हुई और अंततः उन्हें महज पांच मतों के अंतर से पराजित घोषित कर दिया गया।

इसके बाद सूरज रावत ने मामले को लेकर रिटर्निंग ऑफिसर और कॉलेज के इलेक्शन सेल के समक्ष दोबारा मतगणना की मांग रखी। उनका कहना था कि विवादित पांच मतों की वैधता पर पुनर्विचार किया जाए और निष्पक्ष तरीके से मतों की दोबारा गिनती कराई जाए। हालांकि, वहां से अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया।

याचिका पर सुनवाई के बाद न्यायालय ने चुनाव समिति को पुनः मतगणना करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही चुनाव से संबंधित मतपत्रों और सीसीटीवी फुटेज सहित सभी रिकॉर्ड सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं।

अब दोबारा मतगणना में इन विवादित मतों की स्थिति क्या रहती है और पांच मतों के अंतर से सामने आया यह चुनावी विवाद किस नतीजे तक पहुंचता है, इस पर सभी की निगाहें टिकी हैं।

(नैनीताल से वरिष्ठ पत्रकार कमल जगाती की रिपोर्ट ✍️)

What’s your Reaction?
+1
1
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

Ad

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें