एक पौधा हाथ में, धरती बचाने का संकल्प दिल में… डॉ. आशुतोष पंत ने युवाओं को दिखाई राह

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। पर्यावरण संरक्षण को केवल भाषणों तक सीमित रखने के बजाय उसे जीवन का हिस्सा बनाने की जरूरत है। इसी सोच को लेकर वर्षों से पर्यावरण संरक्षण के लिए समर्पित पूर्व जिला आयुर्वेद अधिकारी एवं पर्यावरणविद् डॉ. आशुतोष पंत लगातार लोगों, खासकर युवाओं को प्रकृति बचाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।

राष्ट्रीय सेवा संगठन (एनएसएस) दिवस के अवसर पर पाल कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड मैनेजमेंट में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए फलदार पौधे वितरित किए और हर साल कम से कम एक पेड़ लगाने का संकल्प दिलाया।

Ad

कार्यक्रम में डॉ. आशुतोष पंत ने विद्यार्थियों और कॉलेज स्टाफ को निःशुल्क फलदार पौधे भेंट किए। उन्होंने कहा कि पेड़ हैं तभी जीवन है। पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी केवल सरकार या किसी संस्था की नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति की है। यदि हर व्यक्ति वर्ष में कम से कम एक पौधा लगाए और उसकी देखभाल करे तो आने वाली पीढ़ियों के लिए धरती को बेहतर बनाया जा सकता है।

डॉ. पंत ने विद्यार्थियों को प्लास्टिक और पॉलीथीन से होने वाले नुकसान के प्रति भी जागरूक किया। उन्होंने कहा कि पॉलीथीन पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा है और इसके दुष्प्रभाव मनुष्य, जीव-जंतुओं, मिट्टी और जल स्रोतों तक पहुंच रहे हैं। इसलिए प्लास्टिक का उपयोग कम करना और उसके विकल्प अपनाना आज समय की जरूरत है।

उन्होंने विद्यार्थियों को प्रकृति से अपने रिश्ते को मजबूत करने का आह्वान करते हुए कहा कि पृथ्वी ही वह ग्रह है जहां जीवन के लिए अनुकूल परिस्थितियां मौजूद हैं और इसमें वनस्पतियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। धरती को हरा-भरा रखना, पानी बचाना और पॉलीथीन को दूर करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर कॉलेज प्रबंधन की सचिव कामिनी पाल और कोऑर्डिनेटर गिरीश पलड़िया का डॉ. पंत ने आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के बीच पर्यावरण संरक्षण का संदेश पहुंचाने के लिए कॉलेज प्रबंधन द्वारा दिया गया अवसर महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम में हल्द्वानी के समाजसेवी योगेश जोशी और प्रकाश डिमरी ने भी विद्यार्थियों को समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने और सकारात्मक बदलाव के लिए आगे आने को प्रेरित किया।

डॉ. आशुतोष पंत का मानना है कि पर्यावरण संरक्षण की शुरुआत बड़े अभियानों से नहीं, बल्कि एक छोटे से संकल्प से होती है एक पौधा लगाने और उसे पेड़ बनाने के संकल्प से। उनका वर्षों से पर्यावरण के प्रति समर्पित प्रयास इसी संदेश को समाज और नई पीढ़ी तक पहुंचाने की दिशा में जारी है।

What’s your Reaction?
+1
0
+1
1
+1
0
+1
0
+1
0

Ad

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें