
भीमताल, प्रेस 15 न्यूज। भीमताल क्षेत्र के धारी, ओखलकांडा क्षेत्रों में गुलदार के आतंक के बीच दो गुलदार पिंजरे में कैद हुए हैं।
तीन महिलाओं को मौत के घाट उतारने वाले क्षेत्र से वन विभाग के दस से अधिक पिंजरे, 50 से अधिक कैमरा ट्रैप और विभागीय टीम की गश्ती से हमलावर वन्यजीवों पर नजर रखी जा रही है।
नैनीताल जिले में पिछले माह के अंत से गुलदार लगातार मवेशियों के लिए चारा और चूल्हे के लिए लकड़ी लेने जंगल जा रही महिलाओं पर हमला कर उन्हें मौत के घाट उतार रहे हैं। गुस्साए ग्रामीण लगातार आंदोलन कर वन विभाग के खिलाफ नाराजगी जता रहे हैं। इन हमलावरों को काबू करने के लिए वन विभाग ने संभावित ठिकानों में पिंजरे और कैमरा ट्रैप लगाए हैं।
इसके अलावा कई टीमें जंगलों में गश्त कर रही हैं। पिछले माह 26 दिसंबर को धारी के दीनी तल्ली में हमलावर गुलदार ने हेमा बरगली को मार डाला था। इसके बाद, 30 दिसंबर को खन्स्यु के चमोली गांव में गुलदार ने चारा और लकड़ी लेने गई एक महिला को अपना निवाला बनाया था। विगत 11 जनवरी को नैनीताल के धारी ब्लॉक में गुलदार ने महिला को मौत के घाट उतारा और जंगल में रगड़कर ले गया था।
एसडीओ ममता चंद ने बताया कि आज, तल्ली दीनी के समीप लगे पिंजरे में दूसरा गुलदार कैद हुआ है। इन्हें, रानीबाग स्थित रैस्क्यू सेंटर लाया जाएगा। बताया कि इनके सैम्पल मृतकों से मैच कराने के लिए भेजे जाएंगे। उन्होंने, ये भी कहा कि गश्त टीमें उन क्षेत्रों में लगातार बनी रहेंगी।
(नैनीताल से वरिष्ठ पत्रकार कमल जगाती की एक्सक्लूसिव रिपोर्ट ✍️)









