युवाओं के लिए सुनहरा अवसर: अल्मोड़ा में मिलेगा विदेशी भाषा का प्रशिक्षण

खबर शेयर करें -

अल्मोड़ा/गैरसैंण, प्रेस 15 न्यूज। विदेशी भाषाएं सीखकर विभिन्न देशों में रोजगार पाने का सपना देखने वाले युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। राज्य सरकार ने अल्मोड़ा में नया लैंग्वेज ट्रेनिंग सेंटर खोलने की घोषणा की है। यह घोषणा विधानसभा के बजट सत्र के दौरान की गई। सेंटर खुलने के बाद प्रदेश में ऐसे केंद्रों की संख्या दो हो जाएगी।

राज्य सरकार ने वर्ष 2023 में मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना की शुरुआत की थी। इसके तहत पहला लैंग्वेज ट्रेनिंग सेंटर देहरादून में स्थापित किया गया, जहां युवाओं को विभिन्न विदेशी भाषाओं का प्रशिक्षण दिया जा रहा है और प्रशिक्षण के बाद उन्हें विदेशों में रोजगार दिलाने की व्यवस्था भी की जा रही है।

Ad

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर अब इस योजना का विस्तार किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को इसका लाभ मिल सके। शुक्रवार को विधानसभा के बजट सत्र के पांचवें दिन कौशल विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा ने सदन में अल्मोड़ा में नया लैंग्वेज ट्रेनिंग सेंटर खोलने की घोषणा की।

प्रशिक्षण बजट में बड़ा इजाफा

युवाओं को बेहतर प्रशिक्षण देने के लिए सरकार ने इस योजना के बजट में भी बड़ा इजाफा किया है। पहले जहां प्रशिक्षण के लिए 75 लाख रुपये का प्रावधान था, वहीं अब इसे बढ़ाकर 3.30 करोड़ रुपये कर दिया गया है। सरकार का मानना है कि बजट बढ़ने से ज्यादा युवाओं को प्रशिक्षण और विदेशों में रोजगार के अवसर मिल सकेंगे।

योजना के अब तक के आंकड़े

  • 147 युवाओं को विदेशी भाषाओं का प्रशिक्षण दिया जा चुका है
  • 92 युवाओं को विभिन्न देशों में नौकरी मिल चुकी है
  • 8 से 10 माह का प्रशिक्षण सेंटर में दिया जाता है
  • 16 अधिकृत एजेंसियों के माध्यम से प्रशिक्षण संचालित
  • 10 युवाओं के लिए सऊदी अरब में नौकरी का प्रस्ताव

विदेश में काम कर रहे युवा सुरक्षित

पश्चिम एशिया में तनावपूर्ण हालात के बीच सरकार विदेशों में कार्यरत युवाओं की स्थिति पर भी नजर बनाए हुए है। कौशल विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा ने सदन में बताया कि सऊदी अरब में कार्यरत करीब 30 युवाओं से संपर्क किया गया है और वे पूरी तरह सुरक्षित हैं।

सरकार की इस पहल से अल्मोड़ा और आसपास के जिलों के युवाओं को घर के नजदीक ही विदेशी भाषा सीखने और अंतरराष्ट्रीय रोजगार पाने का सुनहरा अवसर मिलेगा।

What’s your Reaction?
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें