
हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। शहर में अपराध बढ़ रहे हैं। सवाल यह नहीं कि एफआईआर दर्ज हुई या नहीं, सवाल यह है कि आखिर अपराधियों के दिलोदिमाग में पुलिस का खौफ क्यों नहीं है? क्या पुलिस सिर्फ और सिर्फ आम आदमी को डराने के लिए है?
जब ज्वेलर्स भी सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिक किस भरोसे सोए?
मुखानी थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब ज्वेलर्स की दुकानें भी उनकी पहुंच से बाहर नहीं रहीं। कुसुमखेड़ा में हुई ज्वेलरी चोरी की बड़ी वारदात ने न सिर्फ व्यापारियों की नींद उड़ाई है, बल्कि पुलिस की कथित रात्रि गश्त की भी पोल खोल दी है। सवाल सीधा है जब ज्वेलर्स की दुकानें कट रही हैं, तो पुलिस आखिर कर क्या रही है?
जानकारी के अनुसार, कुसुमखेड़ा स्थित राधिका ज्वेलर्स को अज्ञात चोरों ने शुक्रवार देर रात निशाना बनाया। शनिवार को साप्ताहिक बंदी के चलते बाजार दुकान बंद रही। रविवार सुबह जब ज्वेलर नवनीत ने दुकान का शटर खोला तो वारदात का पता चला।
जांच में पता चला कि चोरों ने बड़ी प्लानिंग से इस वारदात को अंजाम दिया। ज्वेलर की शॉप के ठीक बगल वाली दुकान 40 दिन पहले दुकान मालिक गौरव बिष्ट से किराए पर ली गई। इतना ही नहीं करीब 22500 रुपए महीने का किराया भी तय किया।
और शुक्रवार रात उसी दुकान के बीच की दीवार को ड्रिल मशीन से काटकर बड़ी आसानी से ज्वेलर का करोड़ों का सोना-चांदी समेटकर फरार हो गए।
चोरों ने पूरी प्लानिंग के साथ वारदात को अंजाम दिया। दुकान मालिक ने 40 दिन पहले दुकान किराए पर दी लेकिन सत्यापन नहीं कराया। हैरानी इस बात की भी है कि इतनी बड़ी चोरी के दौरान न तो किसी ने शोर सुना और न ही पुलिस की कोई गश्ती टीम मौके पर नजर आई। पुलिस जांच में पता चला है कि वारदात को अंजाम देने के बाद चोर नेपाल भाग गए हैं।
यह घटना पुलिस के उस दावे पर बड़ा सवाल है, जिसमें रातभर गश्त किए जाने की बात कही जाती है। अगर वाकई गश्त हो रही थी, तो चोरों को इतनी आसानी से दुकान में घुसने और आराम से माल समेटकर निकलने का मौका कैसे मिला? या फिर गश्त केवल थाने के रजिस्टर में दर्ज होकर रह जाती है?
सुबह जब दुकान मालिक को चोरी की जानकारी मिली तो पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर मुखानी थाना पुलिस मौके पर पहुंची, फोरेंसिक टीम बुलाई गई और औपचारिकता निभाते हुए जांच शुरू कर दी गई। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगालने और जल्द खुलासे का दावा कर रही है, लेकिन यह वही दावा है जो हर चोरी के बाद दोहराया जाता है।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में भारी रोष है। स्थानीय दुकानदारों का साफ कहना है कि पुलिस की मौजूदगी सिर्फ दिखावे तक सीमित है। चोर बेखौफ होकर वारदात कर रहे हैं और व्यापारी खुद को असहाय महसूस कर रहे हैं। सवाल यह भी है कि जब संवेदनशील इलाकों और ज्वेलरी प्रतिष्ठानों की सुरक्षा पहले से तय होनी चाहिए, तो ऐसी लापरवाही क्यों?
मुखानी क्षेत्र में हुई यह चोरी केवल एक दुकान की नहीं, बल्कि पूरी सुरक्षा व्यवस्था की असफलता का प्रतीक बन गई है। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त को कागजों से निकालकर जमीन पर उतारने, संवेदनशील क्षेत्रों में सख्त निगरानी और जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
जब तक चोर पकड़े नहीं जाते और गश्त वास्तव में नजर नहीं आती, तब तक हर अगली सुबह किसी और दुकान के कटने की आशंका बनी रहेगी। पुलिस के लिए अब सवाल यह नहीं कि जांच चल रही है, बल्कि यह है कि आखिर भरोसा कैसे बहाल किया जाए?









