
हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। लगन, मेहनत और जिम्मेदारी के प्रति समर्पण हो तो कोई भी लक्ष्य मुश्किल नहीं होता। इसका उदाहरण 59 हल्द्वानी विधानसभा क्षेत्र में देखने को मिला, जहां नगर निगम हल्द्वानी के कार्मिक (लिपिक) एवं बीएलओ विजय कर्नाटक ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत अपने क्षेत्र का कार्य शत-प्रतिशत पूरा कर विधानसभा के पहले बीएलओ बनने का गौरव हासिल किया है।
59 हल्द्वानी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत रानीबाग, नई बस्ती एवं रोडवेज डिपो के समीप स्थित कमेटी लाइन क्षेत्र में बीएलओ का दायित्व संभाल रहे विजय कर्नाटक ने प्री-एसआईआर अभियान की शुरुआत से ही पूरी निष्ठा, निरंतरता और समर्पण के साथ कार्य किया। उन्होंने घर-घर पहुंचकर मतदाताओं का सत्यापन किया तथा डबल फार्म भरवाने का कार्य सफलतापूर्वक संपन्न कराया।
सोमवार 22 जून को विजय कर्नाटक ने अपने क्षेत्र का एसआईआर कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण करते हुए इसकी रिपोर्ट सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेई को सौंप दी। इस उपलब्धि पर सिटी मजिस्ट्रेट ने उनकी सराहना करते हुए नगर आयुक्त पारितोष वर्मा से भी विजय कर्नाटक के कार्य की प्रशंसा की।
विजय कर्नाटक ने अपनी सफलता का श्रेय सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेई, बीएलओ सुपरवाइजर विनोद भट्ट, अतिरिक्त एईआरओ राजेश पांडे, अपने सहयोगियों, भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के बीएलए तथा क्षेत्र की जागरूक जनता को दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के मतदाताओं ने उन्हें भरपूर सहयोग, सम्मान और विश्वास दिया, जिसके कारण यह लक्ष्य हासिल करना संभव हो सका।
उन्होंने सभी क्षेत्रवासियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनसहयोग और टीम भावना से किसी भी चुनौतीपूर्ण कार्य को सफलतापूर्वक पूरा किया जा सकता है।









