
देहरादून, प्रेस 15 न्यूज। गर्मी की तपिश के बीच एक बार फिर उत्तराखंड में मौसम ने करवट ली है। पिछले कुछ दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिलने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र ने बृहस्पतिवार को प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश, ओलावृष्टि और आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की है।
देहरादून। उत्तराखंड में बृहस्पतिवार को मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार राजधानी देहरादून समेत उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली और टिहरी जिले के कुछ हिस्सों में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि हो सकती है। इन जिलों के लिए विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों के साथ मैदानी इलाकों में भी मौसम का असर देखने को मिलेगा। प्रदेश के अन्य जिलों में बिजली चमकने के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है, जिसके चलते येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से पर्वतीय क्षेत्रों की यात्रा न करने की अपील की है। साथ ही खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के आसपास खड़े होने से बचने तथा आंधी-तूफान के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।
विशेषज्ञों का कहना है कि मौसम में आए इस बदलाव से जहां तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है, वहीं किसानों और बागवानों को ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका भी बनी हुई है। प्रशासन ने भी लोगों से मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने और सतर्क रहने की अपील की है।









