20 दिन में रिजल्ट: उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय ने रचा कीर्तिमान

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय ने दिसंबर-2025 सत्र की परीक्षाओं के परिणाम घोषित कर कीर्तिमान स्थापित किया है। विश्वविद्यालय ने परीक्षा समाप्त होने के मात्र 20 दिनों के भीतर और केवल 15 कार्य दिवस में शत-प्रतिशत परिणाम जारी कर नया रिकॉर्ड बनाया है।

प्रेस वार्ता में कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने बताया कि परीक्षाएं 16 फरवरी 2026 से 11 अप्रैल 2026 तक प्रदेशभर के 76 केंद्रों पर आयोजित की गईं। कुल 39 परीक्षा दिवसों में सफलतापूर्वक परीक्षा संपन्न कराई गई और 30 अप्रैल 2026 तक सभी 323 परीक्षाफल घोषित कर दिए गए।

Ad

उन्होंने बताया कि इस उपलब्धि के पीछे विश्वविद्यालय की सुव्यवस्थित योजना और टीमवर्क रहा। कुल 289 आंतरिक एवं बाह्य परीक्षकों ने केन्द्रीय मूल्यांकन कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा किया, जिनमें देश के विभिन्न प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों के शिक्षक भी शामिल रहे। विश्वविद्यालय के इतिहास में पहली बार इतने कम समय में सभी परिणाम घोषित किए गए हैं।

कुलपति ने कहा कि पारदर्शी, डिजिटल और शिक्षार्थी-केंद्रित कार्यप्रणाली ने इस सफलता में अहम भूमिका निभाई। समयबद्ध मूल्यांकन, डिजिटल समन्वय और परीक्षकों की सतत निगरानी के कारण यह संभव हो सका। इसका सीधा लाभ हजारों छात्रों को प्रवेश, रोजगार और अन्य शैक्षणिक प्रक्रियाओं में समय पर मिलेगा।

प्रेस वार्ता में विश्वविद्यालय के मॉडल अध्ययन केंद्र हल्द्वानी–16000 की गतिविधियों का भी जिक्र किया गया। ‘दीक्षारंभ’ कार्यक्रमों को व्यापक सफलता मिली है।

17 अप्रैल को आयोजित पहले कार्यक्रम में 175 शिक्षार्थियों ने भाग लिया, जबकि 26 अप्रैल को हुए दूसरे कार्यक्रम में करीब 120 प्रतिभागी शामिल हुए। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य नवप्रवेशित छात्रों को विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली, परीक्षा प्रणाली और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों से परिचित कराना है।

विश्वविद्यालय द्वारा सप्ताहांत में विशेष ऑफलाइन परामर्श सत्र भी संचालित किए जा रहे हैं। जुलाई 2025 से शुरू इन सत्रों में अब तक 1100 से अधिक शिक्षार्थी लाभान्वित हो चुके हैं। जनवरी 2026 सत्र के लिए ये कक्षाएं 18 अप्रैल से दोबारा शुरू की गई हैं, जहां विषय विशेषज्ञ छात्रों को मार्गदर्शन दे रहे हैं।

इसके अलावा, दूरस्थ क्षेत्रों के छात्रों के लिए निःशुल्क पुस्तक वितरण कार्यक्रम भी चलाया जा रहा है, जिसके तहत हजारों पुस्तकों का वितरण किया जा चुका है।

शैक्षणिक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए विश्वविद्यालय ने 15 अस्थायी शिक्षकों की नियुक्ति की है। साथ ही 09 प्रोफेसर, 02 एसोसिएट प्रोफेसर और 12 असिस्टेंट प्रोफेसर के स्थायी पदों पर भर्ती प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

कुलपति प्रो. लोहनी ने कहा कि विश्वविद्यालय को छात्रों और अभिभावकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है और भविष्य में भी नवाचारपूर्ण व गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रयास जारी रहेंगे।

What’s your Reaction?
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें