उत्तराखंड: पूर्व सैनिकों-वीरांगनाओं को बड़ी राहत, वर्षों पुराने पेंशन प्रकरण सुलझे

खबर शेयर करें -

चम्पावत, प्रेस 15 न्यूज। मॉडल जनपद चम्पावत में पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और सैनिक आश्रितों की वर्षों से लंबित पेंशन एवं अन्य जटिल मामलों का तेजी से निस्तारण कर उन्हें बड़ी राहत दी जा रही है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के पूर्व सैनिक सम्मान के विजन के अनुरूप जिलाधिकारी मनीष कुमार एवं जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल उमेद सिंह की संयुक्त पहल से कई लंबित प्रकरणों का समाधान कर पात्र लाभार्थियों को लाखों रुपये का एरियर और नियमित पेंशन का लाभ दिलाया गया है।

Ad

जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल उमेद सिंह ने बताया कि बिशुंग निवासी पूर्व सैनिक नायक फकीरराम का वर्षों पुराना पेंशन प्रकरण सुलझाते हुए उन्हें करीब 20 लाख रुपये का एरियर दिलाया गया, साथ ही उनकी पेंशन भी शुरू कर दी गई।

जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल उमेद सिंह। प्रेस 15 न्यूज

वहीं कैप्टन मोती सिंह मेहता की अविवाहित पुत्री सुशीला मेहता को पारिवारिक पेंशन के साथ करीब 8 लाख रुपये का एरियर प्राप्त हुआ। खेतीखान निवासी रेवती देवी पत्नी स्व. मोहन सिंह को 18 लाख रुपये का एरियर मिलने के साथ उनकी पारिवारिक पेंशन भी स्वीकृत हुई, जबकि बड़पास गांव की महेश्वरी देवी को 7 लाख रुपये का एरियर और नियमित पेंशन का लाभ मिला।

उन्होंने बताया कि पिछले छह महीनों में जिले की कई वीर नारियों को आवास निर्माण के लिए दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई गई है। इनमें निर्मला देवी (सुई), माधवी देवी (खेतीखान), शरू देवी (मंगोली) और महेश्वरी देवी (लोहाघाट) प्रमुख हैं।

जिला सैनिक कल्याण विभाग का कहना है कि पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों के लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण लगातार जारी रहेगा, ताकि देश सेवा करने वाले सैनिकों और उनके परिवारों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

(लोहाघाट से वरिष्ठ पत्रकार गणेश दत्त पांडेय की एक्सक्लूसिव रिपोर्ट ✍️)

What’s your Reaction?
+1
2
+1
1
+1
0
+1
0
+1
0

Ad

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें