
लोहाघाट, प्रेस 15 न्यूज। पहाड़ के बच्चे किसी से कम नहीं… बस जरूरत है तो उन्हें सही मार्गदर्शन और अवसर देने की। हल्द्वानी और देहरादून के महंगे निजी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों से अलग परिस्थितियों में पहाड़ के सरकारी स्कूलों में पढ़ रहे ये बच्चे भी अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर बड़ी उपलब्धियां हासिल करने की पूरी काबिलियत रखते हैं।
चंपावत के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय खूनाबोरा के चार होनहार विद्यार्थियों का मुख्यमंत्री मेधावी छात्रवृत्ति योजना के लिए एक साथ चयन इसका शानदार उदाहरण है।
सीमित संसाधनों के बीच पढ़ाई कर रहे तान्शी बिष्ट, हिमांशु सिंह बोहरा, सिमरन बोहरा और ऋषभ बिष्ट ने साबित कर दिया कि प्रतिभा न महंगे स्कूलों की मोहताज है, न बड़े शहरों की हौसला हो तो पहाड़ के सरकारी स्कूल से निकला बच्चा भी अपनी काबिलियत का परचम लहरा सकता है।
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय खूनाबोरा की कक्षा 09 की छात्रा तान्शी बिष्ट एवं हिमांशु सिंह बोहरा तथा कक्षा 06 की सिमरन बोहरा एवं ऋषभ बिष्ट का मुख्यमंत्री मेधावी छात्रवृत्ति योजना के लिए चयन हुआ है। एक ही विद्यालय के चार विद्यार्थियों के एक साथ चयनित होने से विद्यालय परिवार में हर्ष और उत्साह का माहौल है।
विद्यार्थियों की इस उपलब्धि को विद्यालय की शैक्षिक गुणवत्ता, विद्यार्थियों की मेहनत तथा शैलेश मटियानी राज्य उत्कृष्ट पुरस्कार प्राप्त शिक्षक प्रकाश चन्द्र उपाध्याय के मार्गदर्शन का परिणाम माना जा रहा है। श्री उपाध्याय नियमित रूप से अवकाश दिवसों एवं अतिरिक्त कक्षाओं के माध्यम से मैट और सैट परीक्षा की तैयारी कराते हैं, जिसके परिणामस्वरूप इस अत्यधिक कठिन परीक्षा में एक साथ 04 बच्चे चयनित हुए।
एक ही विद्यालय से चार विद्यार्थियों का चयन होना क्षेत्र के लिए भी गौरव का विषय है। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर जनप्रतिनिधियों, अभिभावकों एवं स्थानीय नागरिकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए चयनित विद्यार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
मार्गदर्शक शिक्षक प्रकाश चन्द्र उपाध्याय ने बताया कि चयनित विद्यार्थियों को ₹7200 एवं ₹10800 की छात्रवृत्ति प्रतिवर्ष मिलेगी, जो ग्रामीण पृष्ठभूमि के बच्चों एवं अभिभावकों के लिए अत्यधिक लाभदायक सिद्ध होगी।
(लोहाघाट से वरिष्ठ पत्रकार गणेश दत्त पांडेय की एक्सक्लूसिव रिपोर्ट ✍️ )









