Uttarakhand: उपभोक्ता ध्यान दें👉 15 अगस्त तक ई-केवाईसी नहीं कराई तो अटक सकता है गैस सिलेंडर!

खबर शेयर करें -

देहरादून, प्रेस 15 न्यूज। घरेलू गैस उपभोक्ताओं के लिए जरूरी खबर है। 15 अगस्त तक ई-केवाईसी नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं को आगे गैस सिलेंडर की आपूर्ति में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। गैस कंपनियों ने उपभोक्ताओं से अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना जल्द से जल्द ई-केवाईसी कराने की अपील की है।

गैस कंपनियों के अनुसार, निर्धारित समय तक ई-केवाईसी पूरी नहीं होने पर संबंधित कनेक्शन को निष्क्रिय श्रेणी में रखा जा सकता है। ऐसी स्थिति में घरेलू श्रेणी के तहत मिलने वाले लाभ प्रभावित हो सकते हैं और नियमानुसार व्यावसायिक श्रेणी के सिलेंडर की दरों के अनुसार शुल्क देना पड़ सकता है।

Ad

कालाबाजारी और फर्जी कनेक्शनों पर भी लगेगी रोक

घरेलू गैस कनेक्शनों का आधार आधारित सत्यापन कराने का उद्देश्य गैस की कालाबाजारी रोकने के साथ फर्जी और डुप्लीकेट कनेक्शनों की पहचान करना है। इससे वास्तविक उपभोक्ताओं का रिकॉर्ड भी अपडेट होगा और सरकारी योजनाओं का लाभ सही पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।

ई-केवाईसी के जरिए पीएनजी और एलपीजी दोनों कनेक्शन रखने वाले उपभोक्ताओं के डाटा को भी बेहतर तरीके से चिन्हित किया जा सकेगा।

एजेंसी से लेकर मोबाइल ऐप तक, कई जगह सुविधा

जिला पूर्ति अधिकारी, गैस एजेंसी संचालक और गैस कंपनियों के अधिकारी उपभोक्ताओं को ई-केवाईसी के लिए जागरूक कर रहे हैं। उपभोक्ता अपनी संबंधित गैस एजेंसी में जाकर बायोमेट्रिक सत्यापन के माध्यम से ई-केवाईसी करा सकते हैं।

इसके अलावा कई गैस कंपनियों के मोबाइल ऐप और अधिकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी ई-केवाईसी की सुविधा उपलब्ध है। घर तक सिलेंडर पहुंचाने वाले डिलीवरी कर्मियों के माध्यम से भी यह प्रक्रिया पूरी कराई जा सकती है।

अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि 15 अगस्त की अंतिम तिथि का इंतजार न करें और जल्द अपनी ई-केवाईसी पूरी करा लें, ताकि भविष्य में गैस सिलेंडर की आपूर्ति में किसी तरह की परेशानी न हो।

What’s your Reaction?
+1
1
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

Ad

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें