दुखद: दिल्ली में हल्द्वानी के दो युवकों की मौत, हत्या की आशंका

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। देश को राजधानी दिल्ली से हल्द्वानी के हिस्से में दुखद खबर सामने आई है। यहां मंडावली क्षेत्र के निकट आनंद विहार रेलवे ट्रैक के पास हल्द्वानी के दो युवाओं के शव मिलने से उनके परिवारों में दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

वैलेजली लॉज निवासी रवि गुप्ता (28) और उसके दोस्त गोलू (25) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। दोनों के क्षत-विक्षत शव 5 और 6 जनवरी को अलग-अलग तिथियों में, एक-दूसरे से मात्र 200 से 250 मीटर की दूरी पर बरामद किए गए।

Ad

दोनों शवों की स्थिति ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मृतकों के जबड़े टूटे हुए थे, जबकि सिर पर किसी धारदार हथियार से हमले के स्पष्ट निशान पाए गए। इन हालातों को देखते हुए दोनों की हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।

रवि गुप्ता की जेब से मिले पहचान पत्र के आधार पर 7 जनवरी को हल्द्वानी में उसके परिजनों को इस दुखद घटना की जानकारी मिली। इसके बाद परिजन दिल्ली पहुंचे और शव की शिनाख्त की। बृहस्पतिवार की शाम शव को दिल्ली से हल्द्वानी लाया गया, जहां देर रात अंतिम संस्कार किया गया। वहीं गोलू का शव लेने उसके परिजन दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं।

परिजनों के अनुसार, रवि गुप्ता एक फाइनेंस कंपनी में कार्यरत था। उसकी शादी करीब दस वर्ष पूर्व हुई थी और उसका एक आठ वर्षीय बेटा है। वर्ष 2025 की दिवाली से पहले उसकी पत्नी अंजली गुप्ता अपने मायके मंडावली, दिल्ली चली गई थी। अंजली द्वारा रवि के खिलाफ पारिवारिक वाद दिल्ली में दायर किया गया था, जिसके चलते महिला सेल द्वारा रवि को 5 जनवरी को पेश होने के लिए बुलाया गया था।

4 जनवरी को रवि अपने आठ वर्षीय बेटे के साथ दिल्ली के लिए रवाना हुआ। रास्ते में उसका मित्र गोलू, जो ऑटो चालक था, मिला तो वह भी उसके साथ दिल्ली चला गया। 5 जनवरी की शाम तक रवि की अपने परिजनों से फोन पर बातचीत होती रही, लेकिन इसके बाद अचानक उसका मोबाइल बंद हो गया। इससे पहले रवि ने परिजनों को बताया था कि उसकी पत्नी बिना बताए उनके बेटे को अपने साथ ले गई है, जिससे वह मानसिक रूप से काफी परेशान था।

मोबाइल बंद होने के बाद हल्द्वानी में परिजन दिल्ली में रह रहे रिश्तेदारों की मदद से रवि की तलाश कर रहे थे। हालांकि ससुराल पक्ष की ओर से कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही थी। इसी दौरान 7 जनवरी को भोटिया पड़ाव चौकी से सूचना मिली कि रवि का शव दिल्ली में बरामद हुआ है।

दिल्ली पहुंचकर जब परिजनों ने शव देखा तो उसके चेहरे पर लोहे की रॉड से हमले जैसे गहरे घाव पाए गए। जबड़े और मुंह पर गंभीर चोटें थीं और होंठ बुरी तरह सूजे हुए थे। परिजनों का कहना है कि यदि यह ट्रेन से टक्कर का मामला होता तो शरीर के अंग कटे हुए होते, जबकि ऐसा नहीं था। इससे यह स्पष्ट होता है कि यह हादसा नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या का मामला हो सकता है।

परिजनों का आरोप है कि दिल्ली पुलिस की ओर से उन्हें कोई संतोषजनक सुनवाई नहीं मिली, जिसके चलते वे शव को हल्द्वानी ले आए। मामले को लेकर परिजनों में गहरा आक्रोश और शोक व्याप्त है।

What’s your Reaction?
+1
1
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें