दुःखद: अल्मोड़ा कांग्रेस रैली से लौट रहे पूर्व ब्लॉक प्रमुख की सड़क हादसे में मौत, दो घायल

खबर शेयर करें -

अल्मोड़ा, प्रेस 15 न्यूज। जिले में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में पूर्व ब्लॉक प्रमुख कुंदन सिंह बथियाल की मौत हो गई, जबकि कार में सवार दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाड़ेछीना-धौलछीना मोटर मार्ग पर कांचुला पुल के पास गुरुवार दोपहर करीब दो बजे कार संख्या UK04A-2999 अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। बताया जा रहा है कि कार सवार लोग कांग्रेस की रैली से लौट रहे थे।

Ad
कुंदन सिंह बथियाल (फाइल फोटो)

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया। दुर्घटना में घायल कुंदन सिंह बथियाल (75) पुत्र महेंद्र बथियाल, गणेश कुमार (32) पुत्र भोपाल राम तथा भूपेंद्र प्रसाद (25) पुत्र दीवानी राम को खाई से निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाड़ेछीना पहुंचाया गया।

अस्पताल में चिकित्सकों ने कुंदन सिंह बथियाल को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल गणेश कुमार और भूपेंद्र प्रसाद को बेहतर उपचार के लिए बेस अस्पताल रेफर किया गया है। तीनों पिथौरागढ़ जिले के नाचनी क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।

हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई शुरू कर दी है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

What’s your Reaction?
+1
0
+1
0
+1
0
+1
1
+1
0

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें