
हल्दूचौड़, प्रेस 15 न्यूज। हल्दूचौड़ चौराहे पर रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार युवक की मौत हो गई। सड़क पार करते समय तेज गति से आ रहे डंपर ने युवक को अपनी चपेट में ले लिया।
मृतक की पहचान कमल पांडे पुत्र पूरन पांडे, निवासी हिम्मतपुर चौमवाल, बेरीपड़ाव के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई।
बताया जा रहा है कि कमल पांडे स्कूटी से सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान तेज गति से आ रहे डंपर की चपेट में आ गए। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
चौराहे की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने हल्दूचौड़ चौराहे पर सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है। लोगों का कहना है कि चौराहे पर गति नियंत्रण के प्रभावी इंतजाम, साफ-सुथरी सड़क मार्किंग, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित सड़क पार करने की व्यवस्था जरूरी है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से चौराहे पर सड़क सुरक्षा के ठोस इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के दर्दनाक हादसों को रोका जा सके।








