
लालकुआं, प्रेस 15 न्यूज। एक पल की चूक और तेज रफ्तार ने एक घर का चिराग बुझा दिया। राष्ट्रीय राजमार्ग पर बेरीपड़ाव स्थित अष्टादश भुजा महालक्ष्मी मंदिर के पास शनिवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया।
स्कूटी सवार 30 वर्षीय युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसके साथ बैठी युवती गंभीर रूप से घायल होकर अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रही है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश दोनों का माहौल है।
पुलिस के अनुसार, हिम्मतपुर चौमवाल निवासी 32 वर्षीय कार्तिक कांडपाल शनिवार सुबह करीब 10 बजे स्कूटी से हल्दूचौड़ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गांव की 25 वर्षीय नेहा कांडपाल ने उनसे लिफ्ट ली। नेहा एक निजी कंपनी अशोक लीलेंड में कार्यरत बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गांव की सड़क से राष्ट्रीय राजमार्ग पर चढ़ने के बाद स्कूटी सवार ने आगे चल रहे डंपर को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान संतुलन बिगड़ गया और स्कूटी अनियंत्रित होकर डंपर के नीचे जा घुसी।
हादसा इतना भयावह था कि कार्तिक का सिर डंपर के पहिए के नीचे आ गया और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटनास्थल पर मौजूद लोग इस मंजर को देख सन्न रह गए।
स्कूटी पर पीछे बैठी नेहा कांडपाल के सिर में गंभीर चोट आई है। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना के बाद स्थानीय नागरिकों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने अव्यवस्थित कट और तेज रफ्तार भारी वाहनों को लगातार हो रहे हादसों का बड़ा कारण बताया। लोगों का कहना है कि पर्याप्त चेतावनी संकेत, सर्विस लेन और सुरक्षित एंट्री-एग्जिट व्यवस्था के अभाव में यह मार्ग दुर्घटनाओं का हॉटस्पॉट बनता जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने परिवहन विभाग और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण से इस मार्ग पर तत्काल गति नियंत्रण, संकेतक बोर्ड, सर्विस लेन और सुरक्षित प्रवेश व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।









