
रामगढ़, प्रेस 15 न्यूज। रामगढ़ ब्लॉक के दियारी गांव में एक घर के कमरे में अचानक आग भड़क उठी। आग की चपेट में आने से कमरे के भीतर मौजूद एक युवती की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतका की पहचान 19 वर्षीय मीना आर्य पुत्री गोविंद लाल के रूप में हुई है, जो एसएसजे विश्वविद्यालय अल्मोड़ा में अध्ययनरत थी।
घटना के समय मीना कमरे में अकेली थी, जबकि उसके पिता पास के कमरे में भोजन कर रहे थे। आग की जानकारी मिलते ही उन्होंने पुत्री को बचाने का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान वह स्वयं भी झुलस गए।
स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुयालबाड़ी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मीना को मृत घोषित कर दिया। घायल पिता का उपचार अस्पताल में किया गया।
सूचना मिलने पर क्वारब चौकी पुलिस और अल्मोड़ा से पहुंचे अग्निशमन वाहन की सहायता से आग पर काबू पाया गया। पुलिस के अनुसार आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है और जांच की जा रही है।









