उत्तरायणी मेला शोभा यात्रा के दौरान 14 जनवरी को हल्द्वानी में ट्रैफिक डायवर्ट, सड़क पर निकलने से पहले देखें

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। पर्वतीय सांस्कृतिक उत्थान मंच की ओर से उत्तरायणी मेला शोभा यात्रा के आयोजन के मद्देनजर हल्द्वानी शहर में 14 जनवरी 2026 को यातायात व्यवस्था में परिवर्तन किया गया है। यह डायवर्जन प्रातः 10 बजे से शोभा यात्रा की समाप्ति तक प्रभावी रहेगा।

शोभा यात्रा का मार्ग

Ad

शोभा यात्रा उत्थान मंच, हीरानगर से प्रारंभ होकर जेल रोड, जेल रोड तिराहा, अर्बन बैंक तिराहा, कालाढूंगी तिराहा, रोडवेज चौराहा, तिकोनिया चौराहा, वर्कशॉप लाइन, रोडवेज पूर्वी गेट, भारद्वाज होटल तिराहा, ताज चौराहा, मीरा मार्ग, सिंधी चौराहा, कालाढूंगी तिराहा, जेल रोड तिराहा होते हुए पुनः उत्थान मंच, हीरानगर पहुंचेगी।

जेल रोड तिराहा से कालाढूंगी तिराहा तक शोभा यात्रा मुख्य मार्ग की दाहिनी ओर (विपरीत दिशा) में चलेगी, जबकि कालाढूंगी तिराहा से तिकोनिया चौराहा तक शोभा यात्रा मुख्य मार्ग की बाईं ओर से संचालित होगी।

शोभा यात्रा के दौरान छोटे एवं बड़े मालवाहक वाहनों तथा आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों (गैस, दूध, तेल आदि) को बाईपास मार्ग से संचालित किया जाएगा।

रोडवेज बसों के लिए डायवर्जन

रामपुर रोड, बरेली रोड और कालाढूंगी रोड से आने वाली उत्तराखंड रोडवेज बसों को उस समय टीपी नगर तिराहा, होंडा शोरूम तिराहा एवं लालडांठ तिराहा पर रोका जाएगा, जब शोभा यात्रा कालाढूंगी तिराहा से रोडवेज चौराहा के मध्य रहेगी। शोभा यात्रा के आगे बढ़ने के बाद बसों को रोडवेज स्टेशन तक आने की अनुमति दी जाएगी। अन्य राज्यों की बसें शोभा यात्रा समाप्ति तक निर्धारित तिराहों तक ही संचालित होंगी।

पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाली रोडवेज एवं केमू बसें नारीमन तिराहा से तिकोनिया चौराहा होते हुए नैनीताल बैंक मार्ग से रोडवेज अथवा केमू स्टेशन पहुंचेंगी। आवश्यकता पड़ने पर बसों को गौलापार रोड होते हुए डायवर्ट किया जाएगा।

रोडवेज स्टेशन से रामपुर और बरेली रोड की ओर जाने वाली बसें रोडवेज पूर्वी गेट से ताज चौराहा और गोलापुल होते हुए संचालित होंगी। पर्वतीय एवं कालाढूंगी रोड की ओर जाने वाली बसें वर्कशॉप लाइन और तिकोनिया चौराहा के माध्यम से अपने गंतव्य को जाएंगी। आवश्यकता पड़ने पर बसों का संचालन रोडवेज पश्चिमी गेट से किया जाएगा।

सिडकुल बसों का संचालन

रुद्रपुर की ओर से आने वाली सिडकुल बसें, जिन्हें मुखानी क्षेत्र जाना है, पंचायतघर तिराहा से आरटीओ रोड होते हुए संचालित होंगी। तिकोनिया एवं काठगोदाम क्षेत्र की ओर जाने वाली बसें गन्ना सेंटर, शीतल होटल तिराहा, तीनपानी फ्लाईओवर और गौलापार रोड से होकर जाएंगी। बरेली रोड से आने वाली सिडकुल बसें मोतीनगर और पंचायतघर तिराहा से आरटीओ रोड का प्रयोग करेंगी।

वोल्वो बसों के लिए व्यवस्था

रामपुर एवं बरेली रोड से हल्द्वानी आने वाली वोल्वो बसों को गन्ना सेंटर अथवा शीतल होटल तिराहा से तीनपानी फ्लाईओवर होते हुए गौलापार रोड से संचालित किया जाएगा। काठगोदाम से रामपुर एवं बरेली जाने वाली वोल्वो बसें गौलापार रोड का प्रयोग करेंगी।

छोटे वाहनों के लिए डायवर्जन

शोभा यात्रा के दौरान जेल रोड, कालाढूंगी रोड, रामपुर रोड और बरेली रोड से आने वाले छोटे वाहनों को गौलापार रोड, आरटीओ रोड, पंचक्की तिराहा, मुखानी चौराहा, ऊंचापुल और लालडांठ तिराहों के माध्यम से डायवर्ट किया जाएगा। शोभा यात्रा मार्ग में पड़ने वाले सभी कटों से मुख्य मार्ग पर वाहनों का प्रवेश पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा।

शोभा यात्रा के दौरान तिकोनिया, रोडवेज चौराहा, सिंधी चौराहा, कालाढूंगी चौराहा एवं बाजार क्षेत्र में वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

ई-रिक्शा एवं टेंपो

कालाढूंगी रोड स्थित भोलानाथ स्टैंड से संचालित टेंपो और ई-रिक्शा बालिका इंटर कॉलेज के सामने सड़क के बाईं ओर से संचालित किए जाएंगे।

पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें तथा वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।

What’s your Reaction?
+1
1
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें