आखिरकार टूटा हल्द्वानी के व्यापारियों के सब्र का बांध, मंडी परिषद की तानाशाही के खिलाफ एक जनवरी से मंडी ठप करने का ऐलान

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। हल्द्वानी की नवीन मंडी में अब व्यापारियों का सब्र पूरी तरह टूट चुका है। मंडी परिषद उत्तराखंड और मंडी समिति हल्द्वानी की कथित तानाशाही, भ्रष्ट कार्यप्रणाली और व्यापारी-विरोधी फैसलों के खिलाफ खुला विद्रोह छेड़ दिया गया है। मर्चेंट एसोसिएशन हल्द्वानी ने ऐलान कर दिया है कि 1 जनवरी 2026 से मंडी पूरी तरह अनिश्चितकालीन रूप से बंद रहेगी।

व्यापारियों का कहना है कि मंडी परिषद जानबूझकर व्यापार को कुचलने पर आमादा है। कभी अतिक्रमण के नाम पर दहशत, कभी वैध लीज एग्रीमेंट को रद्द करने की धमकी और कभी बेबुनियाद नोटिस, यह सब अब व्यवस्थित उत्पीड़न और सत्ता के दुरुपयोग का चेहरा बन चुका है।

Ad

मर्चेंट एसोसिएशन ने तीखे शब्दों में आरोप लगाया है कि नवीन मंडी समिति हल्द्वानी में अवैध निर्माण कर गोदामों और दुकानों का खुला बंदरबांट किया गया, जबकि नियमों का पालन करने वाले व्यापारियों को जानबूझकर निशाना बनाया जा रहा है। मंडी में कानून नहीं, बल्कि मर्जी और सिफारिश चल रही है।

व्यापारियों ने खुलकर कहा है कि जिन गोदामों के पूरे वैध दस्तावेज और लीज एग्रीमेंट मौजूद हैं, उनका किराया तक स्वीकार नहीं किया जा रहा। यह साफ संकेत है कि मंडी परिषद के भीतर भ्रष्ट तंत्र सक्रिय है, जो व्यापारियों को झुकाने और तोड़ने की कोशिश कर रहा है।

फल, सब्जी, आलू और किराना व्यापार से जुड़े व्यापारियों ने दो टूक अल्टीमेटम दिया है। कहा कि उत्पीड़न तुरंत बंद करो, अवैध आवंटन और मनमानी खत्म करो या फिर आंदोलन को सड़क से शासन तक ले जाया जाएगा।

व्यापारियों ने साफ कहा है कि यदि मंडी बंद रहने से आम जनता को परेशानी होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी मंडी परिषद और प्रशासन की जिद और हठधर्मिता की होगी। मंडी ठप होगी, सप्लाई रुकेगी और बाजार हिलेगा लेकिन अब पीछे हटने का सवाल ही नहीं है।

इस उग्र आंदोलन को प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल, महानगर हल्द्वानी का पूर्ण और निर्णायक समर्थन मिल चुका है। अध्यक्ष योगेश शर्मा, महामंत्री मनोज जायसवाल, जिला अध्यक्ष विपिन गुप्ता और जिला महामंत्री हर्षवर्धन पांडे ने ऐलान किया है कि जरूरत पड़ी तो पूरा व्यापारी समाज सड़कों पर उतरेगा।

व्यापारियों ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि अब बातचीत नहीं, समाधान चाहिए। या मंडी परिषद सुधरेगी या हल्द्वानी की मंडी पूरी तरह ठप रहेगी।

What’s your Reaction?
+1
1
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें