यूओयू पहुंचीं पीएमश्री GIC की छात्राओं ने रचा नया अनुभव, रेडियो, कानून और करियर से जुड़ी सीख

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। पीएमश्री अटल आदर्श बालिका इंटर कॉलेज, नैनीताल की 42 छात्राओं का दल शनिवार को उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय स्थित सामुदायिक रेडियो स्टेशन के शैक्षिक भ्रमण पर पहुंचा। इस दौरान छात्राओं ने रेडियो के तकनीकी पक्षों को जाना, कार्यक्रम निर्माण की विधाओं को समझा तथा रेडियो प्रसारण की व्यवहारिक प्रक्रियाओं से रूबरू हुईं।

भ्रमण के दौरान छात्राओं को यह जानकारी दी गई कि रेडियो कार्यक्रम किन-किन प्रारूपों में तैयार किए जाते हैं, ऑडियो रिकॉर्डिंग, साउंड मिक्सिंग, प्रोग्राम प्लानिंग और प्रसारण की प्रक्रिया कैसे होती है। छात्राओं ने माइक पर बोलने का अभ्यास किया और ऑडियो एडीटिंग की प्रारंभिक तकनीकें भी सीखी।

Ad

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के महिला अध्ययन केंद्र द्वारा आयोजित एक दिवसीय पॉश एक्ट (कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न निवारण कानून) कार्यशाला में भी छात्राओं ने सहभागिता की, जहां उन्हें कार्यस्थलों पर महिलाओं की सुरक्षा, अधिकारों और कानूनी संरक्षण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।

रेडियो स्टेशन प्रभारी डॉ. राकेश रयाल ने छात्राओं को सामुदायिक रेडियो की भूमिका और उसकी सामाजिक उपयोगिता के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि सामुदायिक रेडियो लोक संस्कृति के संरक्षण, जनजागरूकता और समाज से जुड़ी आवाज़ों को मंच देने का सशक्त माध्यम है।

आरजे अनिल नैलवाल ने रेडियो के तकनीकी पहलुओं से छात्राओं को अवगत कराते हुए कार्यक्रम निर्माण की विभिन्न विधाओं की जानकारी दी।

योग थैरेपिस्ट डॉ. करुणा चौधरी ने छात्राओं को मासिक धर्म स्वच्छता, स्वास्थ्य जागरूकता और आहार संबंधी आदतों पर मार्गदर्शन दिया।

आरजे सुनीता भट्ट ने छात्राओं को “आवाज़ों की दुनिया” से परिचित कराते हुए बताया कि किस प्रकार परिवेश की ध्वनियों को सुनकर, समझकर और महसूस कर रेडियो कार्यक्रमों को अधिक जीवंत और प्रभावशाली बनाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि आवाज़ों को सुनने का अभ्यास एकाग्रता और संवेदनशीलता दोनों विकसित करता है।

छात्राओं ने न केवल ऑडियो एडीटिंग सीखी, बल्कि माइक पर आत्मविश्वास के साथ बोलने का अभ्यास भी किया। उन्होंने अपने-अपने शौक और भविष्य की करियर योजनाएं साझा कीं तथा लोकगीतों की प्रस्तुति देकर वातावरण को सांस्कृतिक रंग में रंग दिया।

इस शैक्षिक भ्रमण में विद्यालय की शिक्षिकाएं निमिता आर्या, नीता आर्या, बीना पंत एवं रीता टम्टा भी छात्राओं के साथ उपस्थित रहीं। भ्रमण में शामिल सभी छात्राएं कक्षा 11वीं एवं 12वीं की थीं।

यह शैक्षिक भ्रमण छात्राओं के लिए न केवल ज्ञानवर्धक रहा, बल्कि उनके आत्मविश्वास, अभिव्यक्ति क्षमता और करियर दृष्टि के विकास की दिशा में एक प्रेरक अनुभव सिद्ध हुआ।

What’s your Reaction?
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें