एक के बाद एक जा रहे विशेषज्ञ डॉक्टर… आखिर लोहाघाट अस्पताल का होगा क्या?

खबर शेयर करें -

लोहाघाट, प्रेस 15 न्यूज। उप जिला चिकित्सालय लोहाघाट से विशेषज्ञ चिकित्सकों के लगातार तबादलों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है।

प्रसूति एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ और बाल रोग विशेषज्ञ के स्थानांतरण को लेकर क्षेत्र में उठे विरोध के बीच अब शासन ने अस्पताल के दो और महत्वपूर्ण विशेषज्ञ चिकित्सकों के तबादले के आदेश जारी कर दिए हैं। इससे क्षेत्रीय लोगों में भारी नाराजगी है।

Ad

शासन की ताजा तबादला सूची के अनुसार उप जिला चिकित्सालय लोहाघाट में कार्यरत निश्चेतक (एनेस्थेटिस्ट) डॉ. चित्रलेखा बोरा तथा छाती रोग विशेषज्ञ डॉ. रविंद्र बोरा का अन्यत्र स्थानांतरण कर दिया गया है।

दोनों चिकित्सक उच्च शिक्षा (एमडी) पूरी करने के बाद पुनः लोहाघाट में सेवाएं दे रहे थे और मरीजों को उनकी विशेषज्ञ सेवाओं का लाभ मिल रहा था। विशेष रूप से छाती रोग विशेषज्ञ की उपलब्धता से स्थानीय मरीजों को उपचार के लिए बाहर नहीं जाना पड़ रहा था।

इससे पहले भी अस्पताल से बाल रोग विशेषज्ञ और स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ का तबादला किया जा चुका है। स्थानीय लोगों का कहना है कि उनके स्थान पर अब तक नए विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती नहीं की गई है, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि लगातार विशेषज्ञ चिकित्सकों के तबादलों से मॉडल जिला चम्पावत की स्वास्थ्य व्यवस्था कमजोर हो रही है। वहीं कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी दलों ने भी इस मुद्दे को लेकर सरकार पर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं।

इधर जिलाधिकारी मनीष कुमार ने स्पष्ट किया है कि नई व्यवस्था होने तक किसी भी चिकित्सक को जिले से कार्यमुक्त नहीं किया जाएगा। उनका कहना है कि जब तक वैकल्पिक व्यवस्था नहीं हो जाती, तब तक जनता को स्वास्थ्य सेवाओं में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।

गणेश दत्त पांडेय, वरिष्ठ पत्रकार लोहाघाट से एक्सक्लूसिव रिपोर्ट ✍️

What’s your Reaction?
+1
0
+1
1
+1
0
+1
0
+1
0

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें