
भीमताल, प्रेस 15 न्यूज। भीमताल विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, खनस्यूं में विधायक राम सिंह कैड़ा के प्रयास से स्वास्थ्य एवं समाज कल्याण शिविर का भव्य आयोजन किया गया।
शिविर में फिजिशियन, दंत रोग, नेत्र रोग, अस्थि रोग सहित विभिन्न विशेषज्ञ विभागों के चिकित्सकों की टीम मौजूद रही, जहां ग्रामीणों ने स्वास्थ्य जांच कराई और परामर्श लिया।
शिविर की विशेष उपलब्धि के रूप में दिव्यांगजनों के दिव्यांग प्रमाण पत्र मौके पर बनाए गए। इसके साथ ही अन्य रोगों से पीड़ित लोगों को निःशुल्क दवाओं का वितरण किया गया तथा जरूरतमंद दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर भी प्रदान की गईं।
विधायक कैड़ा ने कहा कि भीमताल विधानसभा के दुर्गम क्षेत्रों से दिव्यांगजन हल्द्वानी तक नहीं पहुंच पाते। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए गांव-गांव स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे।
उन्होंने दोहराया कि सरकार की मंशा के अनुरूप जनकल्याण को प्राथमिकता देते हुए यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।
इस अवसर पर वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. विजय जोशी, जिला पंचायत सदस्य डिकर सिंह मेवाड़ी, दीपक बर्गली, विमला देवी, रवि गोस्वामी, मदन परगाई, भुवन भट्ट, ललित भट्ट, संदीप कुमार, खड़क सिंह बिष्ट सहित भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, स्वास्थ्य विभाग एवं समाज कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनता उपस्थित रही।
ग्रामीणों ने शिविर की सराहना करते हुए इसे दूरस्थ क्षेत्रों के लिए अत्यंत उपयोगी पहल बताया।









