हल्द्वानी में दो होम स्टे पर एसडीएम का छापा, कई गंभीर अनियमितताएं उजागर, लाइसेंस निरस्त

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर एसडीएम प्रमोद कुमार ने दमुवाढूंगा क्षेत्र में संचालित दो होम स्टे का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आने पर प्रशासन ने संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की संस्तुति की है।

जे.डी. होम स्टे में एक्सपायर अग्निशमन यंत्र और पार्किंग व्यवस्था पर सवाल

Ad

दमुवाढूंगा बन्दोबस्ती स्थित निर्मला कॉन्वेंट स्कूल हल्द्वानी के निकट संचालित जे.डी. होम स्टे का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान होटल स्वामी नीरज शर्मा मौके पर उपस्थित रहे। जांच में पाया गया कि उक्त प्रतिष्ठान वर्तमान में टूरिस्ट गेस्ट हाउस के रूप में पंजीकृत है, जबकि संचालन होम स्टे के नाम से किया जा रहा है।

निरीक्षण में सामने आया कि गेस्ट हाउस में कुल आठ कक्ष संचालित हैं। वहीं वाहन पार्किंग की व्यवस्था पड़ोसी पूरन सिंह सांगा की भूमि पर की जा रही है, लेकिन इसके संबंध में कोई वैध अनुबंध प्रस्तुत नहीं किया गया।

इसके अतिरिक्त प्रतिष्ठान में रेट लिस्ट भी प्रदर्शित नहीं मिली। जांच के दौरान यह भी पाया गया कि गेस्ट हाउस में लगे दो अग्निशमन यंत्र एक्सपायर हो चुके हैं, बावजूद इसके उनका उपयोग किया जा रहा था। प्रशासन ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए अग्निशमन विभाग से आवश्यक कार्रवाई करने को कहा है। वहीं पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी नियमानुसार कार्रवाई की संस्तुति की गई है।

कुटुंब होम स्टे में नियमों की अनदेखी, पंजीकरण निरस्त करने की संस्तुति

इसके बाद प्रशासनिक टीम ने कुटुंब होम स्टे का निरीक्षण किया। मौके पर केयर टेकर नीरज जोशी पुत्र ललित प्रसाद जोशी, निवासी नारायण विहार, काठगोदाम, हल्द्वानी उपस्थित मिले।

निरीक्षण में पाया गया कि होम स्टे के भवन स्वामी स्वयं उक्त भवन में निवास नहीं करते, जबकि होम स्टे नियमावली के अनुसार भवन स्वामी का उसी भवन में रहना अनिवार्य है। प्रतिष्ठान में कुल छह कक्ष संचालित पाए गए, लेकिन वहां किचन अथवा रेस्टोरेंट की सुविधा उपलब्ध नहीं थी।

जांच में यह भी सामने आया कि परिसर में लगे अग्निशमन यंत्र पर निर्माण वर्ष 2024 अंकित था, लेकिन उसकी समाप्ति तिथि दर्ज नहीं थी। साथ ही प्रतिष्ठान में रेट लिस्ट भी चस्पा नहीं की गई थी।

सबसे गंभीर बात यह रही कि केयर टेकर नीरज जोशी का पुलिस सत्यापन नहीं कराया गया था। प्रशासन ने इसे सुरक्षा मानकों की अनदेखी मानते हुए गंभीर आपत्ति जताई। हालांकि निरीक्षण में पार्किंग व्यवस्था संतोषजनक पाई गई।

प्रशासन ने होम स्टे नियमावली के उल्लंघन को गंभीरता से लेते हुए कुटुंब होम स्टे का पंजीकरण निरस्त किए जाने की संस्तुति की है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पर्यटन कारोबार से जुड़े प्रतिष्ठानों में सुरक्षा और नियमों की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा आगे भी ऐसे निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे।

What’s your Reaction?
+1
2
+1
0
+1
0
+1
0
+1
1

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें