
रामनगर, प्रेस 15 न्यूज। रामनगर क्षेत्र के छोई गांव की जर्जर सड़क को लेकर समाजसेवी और वरिष्ठ पत्रकार राहुल सिंह दरम्वाल ने स्थानीय युवाओं के साथ लोक निर्माण विभाग कार्यालय पहुंचकर अधिशासी अभियंता संजय चौहान से मुलाकात की। उन्होंने क्षेत्र की बदहाल सड़कों से स्थानीय लोगों, पर्यटकों और श्रद्धालुओं को हो रही परेशानियों को प्रमुखता से उठाते हुए शीघ्र मरम्मत की मांग की।
मुलाकात के दौरान अधिशासी अभियंता संजय चौहान ने बताया कि विभाग इस मामले को गंभीरता से ले रहा है और सड़क के पुनर्निर्माण संबंधी प्रस्ताव पर शासन स्तर से स्वीकृति प्राप्त करने की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही मंजूरी और बजट स्वीकृत होने के बाद सड़क निर्माण का कार्य शुरू किया जाएगा।
राहुल सिंह दरम्वाल ने कहा कि छोई गांव स्थित विश्व प्रसिद्ध हनुमान धाम तथा क्षेत्र में संचालित दर्जनों रिसॉर्ट्स में प्रतिदिन बड़ी संख्या में देश-विदेश से पर्यटक और श्रद्धालु पहुंचते हैं।
इसके बावजूद सड़क की खराब स्थिति के कारण लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि लंबे समय से सड़क जर्जर अवस्था में है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और स्थानीय लोग व राहगीर चोटिल हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि वह पिछले कई वर्षों से रामनगर और आसपास के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की खराब सड़कों के मुद्दे को लगातार उठाते रहे हैं। उनके प्रयासों के बाद विभाग द्वारा कई सड़कों पर डामरीकरण और मरम्मत कार्य भी कराया गया है। उन्होंने मांग की कि क्षेत्र की सभी प्रमुख और ग्रामीण सड़कों की शीघ्र मरम्मत कर उन्हें सुरक्षित बनाया जाए।
राहुल दरम्वाल ने कहा कि रामनगर क्षेत्र पर्यटन और धार्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। यहां विश्व प्रसिद्ध जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क के साथ-साथ कई प्रमुख धार्मिक स्थल स्थित हैं, जहां प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में पर्यटक और श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में बेहतर सड़क सुविधाएं क्षेत्र के विकास और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक हैं।
इस अवसर पर करन बिष्ट, कुलदीप बिष्ट, अभय मेहरा सहित अन्य स्थानीय युवा भी मौजूद रहे।









