Haldwani: स्मार्ट मीटर को लेकर बवाल, रामपुर रोड में उपभोक्ताओं का फूटा गुस्सा

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। शहर में स्मार्ट मीटर को लेकर लोगों का विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। एक ओर विद्युत विभाग केंद्र सरकार के निर्देशों का हवाला देते हुए पुलिस बल की मौजूदगी में घर-घर स्मार्ट मीटर लगाने का अभियान चला रहा है, वहीं दूसरी ओर कई क्षेत्रों में उपभोक्ता बढ़े हुए बिजली बिलों का आरोप लगाते हुए इसका विरोध कर रहे हैं।

इसी क्रम में वार्ड संख्या-19 रामपुर रोड स्थित पर्वतीय मोहल्ले में समाजसेवी विशाल वर्मा एवं पूर्व पार्षद प्रत्याशी अंजलि वर्मा के नेतृत्व में क्षेत्रवासियों ने स्मार्ट मीटर के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया।

Ad

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में लोगों के विरोध के बावजूद स्मार्ट मीटर लगाए गए और इसके बाद कई उपभोक्ताओं के बिजली बिल पहले की तुलना में कई गुना अधिक आ रहे हैं।

समाजसेवी विशाल वर्मा ने कहा कि पहले जहां उपभोक्ताओं के बिजली बिल सामान्य रूप से आते थे, वहीं स्मार्ट मीटर लगने के बाद कई लोगों के बिलों में भारी वृद्धि देखने को मिली है।

उनका कहना है कि बढ़ती महंगाई के बीच यह अतिरिक्त आर्थिक बोझ आम लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि वार्ड में आगे स्मार्ट मीटर लगाने का विरोध किया जाएगा।

पूर्व पार्षद प्रत्याशी अंजलि वर्मा ने दावा किया कि क्षेत्र के कई घरों में सोलर पैनल लगे होने के बावजूद पहले 600 से 1000 रुपये तक आने वाला बिजली बिल अब कई हजार रुपये पहुंच गया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि एक उपभोक्ता को 5 जुलाई को भेजे गए संदेश में 13,077 रुपये का बिल मिला, जबकि अन्य उपभोक्ताओं के भी 5 हजार, 6 हजार, 7 हजार और 10 हजार रुपये तक के बिल आए हैं। उन्होंने इन बिलों की जांच कर तत्काल संशोधन की मांग की।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि विभाग ने बढ़े हुए बिजली बिलों की जांच कर उन्हें शीघ्र ठीक नहीं किया और लोगों की आपत्तियों पर ध्यान नहीं दिया, तो क्षेत्रवासी व्यापक आंदोलन करेंगे। उनका कहना था कि आवश्यकता पड़ने पर उपभोक्ताओं के साथ मिलकर स्मार्ट मीटर हटाने का भी आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन में क्षेत्र की महिलाएं, बुजुर्ग, युवा और बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी मौजूद रहे।

गौरतलब है कि हल्द्वानी सहित प्रदेश के कई क्षेत्रों में स्मार्ट मीटर को लेकर विरोध की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। वहीं, विद्युत विभाग का कहना है कि स्मार्ट मीटर लगाने का अभियान निर्धारित नीति और निर्देशों के तहत चलाया जा रहा है। ऐसे में स्मार्ट मीटर को लेकर उपभोक्ताओं और विभाग के बीच विवाद लगातार गहराता नजर आ रहा है।

What’s your Reaction?
+1
2
+1
1
+1
0
+1
0
+1
0

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें