
भवाली, प्रेस 15 न्यूज। 15 जून को बाबा नीम करौरी महाराज के पावन विश्वप्रसिद्ध कैंचीधाम के स्थापना दिवस पर आयोजित भव्य मेले की तैयारियां तेज हो गई हैं। मंगलवार को कैंचीधाम मंदिर परिसर में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधा, यातायात प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में मेले के दौरान संचालित होने वाली शटल सेवा के किराए भी तय कर दिए गए। परिवहन विभाग के अनुसार हल्द्वानी-काठगोदाम से कैंचीधाम तक शटल सेवा का किराया 150 रुपये प्रति व्यक्ति, नैनीताल और भीमताल से 100 रुपये तथा भवाली और खैरना से 50 रुपये प्रति व्यक्ति (एक तरफ) निर्धारित किया गया है।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हल्द्वानी, काठगोदाम, नैनीताल, भीमताल, भवाली और खैरना से कुल 254 बसें तथा 250 टैक्सी-मैक्सी कैब संचालित की जाएंगी। प्रत्येक शटल संचालन स्थल पर पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, टेंट और पीए सिस्टम जैसी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। यातायात, पार्किंग, स्वास्थ्य, पेयजल, विद्युत, अग्निशमन और सफाई व्यवस्था चाक-चौबंद रखी जाए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के साथ विनम्र व्यवहार सुनिश्चित किया जाए और दर्शन व्यवस्था सुगम बनाई जाए।
मेले के दौरान 11 स्थानों पर मोबाइल टॉयलेट लगाए जाएंगे, जबकि स्वास्थ्य सेवाओं के लिए तीन एंबुलेंस और मेडिकल टीमें तैनात रहेंगी। भीड़ नियंत्रण और आपात स्थिति से निपटने के लिए वैकल्पिक योजना भी तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में यह भी तय किया गया कि यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए यात्रा मार्ग पर किसी भी प्रकार के फूड वैन, ठेले या भंडारे की अनुमति नहीं होगी। वहीं शिप्रा नदी और आसपास के पर्यावरण को स्वच्छ रखने के लिए विशेष निगरानी और सफाई अभियान चलाया जाएगा।









