Nainital: बेबस मां-बाप, नशे के दलदल में धंसते युवा: बिंदुखत्ता में स्मैक का रसगुल्ला कनेक्शन!

खबर शेयर करें -

लालकुआं, प्रेस 15 न्यूज। कुमाऊं, विशेषकर नैनीताल जिले के गांवों और शहरों में स्मैक का जाल लगातार फैलता जा रहा है। नशा तस्कर युवाओं तक मादक पदार्थ पहुंचाने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं।

हालात यह हैं कि कई परिवार अपने बच्चों को नशे की गिरफ्त में जाता देख चिंता और बेबसी का सामना कर रहे हैं। नशे की लत से युवा पीढ़ी का भविष्य प्रभावित हो रहा है, लेकिन इसके बावजूद तस्करों का नेटवर्क थमता नजर नहीं आ रहा।

Ad

इसी बीच लालकुआं क्षेत्र में एक व्यक्ति को रसगुल्ले के प्लास्टिक डिब्बे में स्मैक छुपाकर ले जाते हुए पकड़ा गया। उसके कब्जे से 7.35 ग्राम स्मैक बरामद हुई है।

जानकारी के अनुसार, 8 जून को चेकिंग के दौरान हरिशंकर बोरा उर्फ गुड्डू निवासी गांधीनगर प्रथम, बिंदुखत्ता को गांधीनगर प्रथम टूटी पुलिया जाने वाले मार्ग से गिरफ्तार किया गया। उसके पास मौजूद रसगुल्ले के प्लास्टिक डिब्बे के भीतर एक पारदर्शी पन्नी में स्मैक रखी हुई थी।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह स्मैक को सुंदर नामक व्यक्ति से खरीदकर आसपास के युवाओं को बेचता था। पुलिस ने इस मामले में सुंदर नामक व्यक्ति को भी नामजद करते हुए उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

मामले में कोतवाली लालकुआं में एफआईआर संख्या 86/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 08/21/29 में मुकदमा दर्ज किया गया है।

यह मामला एक बार फिर उस गंभीर सच्चाई को सामने लाता है कि कुमाऊं के कस्बों और गांवों तक स्मैक का नेटवर्क पहुंच चुका है। सवाल यह है कि आखिर युवाओं तक नशा पहुंचाने वाली सप्लाई चेन कहां से संचालित हो रही है और लगातार हो रही गिरफ्तारियों के बावजूद इसके बड़े चेहरे कानून की पकड़ से दूर क्यों हैं।

What’s your Reaction?
+1
2
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें