
हल्द्वानी/रामनगर, प्रेस 15 न्यूज। नैनीताल जनपद की जर्जर सड़कों, बिजली-पानी की समस्याओं और मानसून के दौरान आपदा संभावित क्षेत्रों की तैयारियों को लेकर समाजसेवी राहुल सिंह दरम्वाल ने जनपद के प्रभारी मंत्री खजान दास से मुलाकात कर विभिन्न जनसमस्याओं से अवगत कराया।
उन्होंने विशेष रूप से रामनगर विधानसभा सहित दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं की बदहाल स्थिति और मानसून के दौरान संभावित जोखिमों की ओर ध्यान आकर्षित किया।
मुलाकात के दौरान राहुल सिंह दरम्वाल ने कहा कि जनपद के कई ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कें जर्जर हैं, जिससे लोगों को रोजमर्रा के आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर बिजली और पेयजल की समस्याएं भी लगातार बनी हुई हैं। उन्होंने आग्रह किया कि संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए जाएं, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
मानसून के मद्देनजर उन्होंने आपदा संभावित और आपदाग्रस्त क्षेत्रों में प्रशासन की तैयारियों को और मजबूत करने की जरूरत पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि संवेदनशील इलाकों में पहले से जरूरी संसाधन और टीमें तैनात रहनी चाहिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
प्रभारी मंत्री खजान दास ने भरोसा दिलाया कि प्रदेश सरकार जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह गंभीर है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं प्रदेशभर में भ्रमण कर विकास कार्यों और जनसमस्याओं की समीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि वह शीघ्र ही नैनीताल जनपद का दौरा करेंगे और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर लंबित समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक निर्देश देंगे।
राहुल सिंह दरम्वाल ने बताया कि प्रभारी मंत्री लगातार जनपद की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए जा रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रस्तावित दौरे के बाद सड़क, बिजली, पेयजल और अन्य बुनियादी समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।
गौरतलब है कि राहुल सिंह दरम्वाल लंबे समय से रामनगर, हल्द्वानी और नैनीताल क्षेत्र में सामाजिक कार्यों से जुड़े हुए हैं। जिन ग्रामीण सड़कों तक प्रशासन की पहुंच नहीं हो पाती, वहां वे अपने साथियों के साथ श्रमदान कर रास्तों को दुरुस्त करने का कार्य भी करते रहे हैं। क्षेत्र में उनके इस जनसेवा अभियान की स्थानीय लोग सराहना करते हैं।
अब लोगों की निगाहें प्रभारी मंत्री के प्रस्तावित नैनीताल दौरे पर टिकी हैं। उम्मीद की जा रही है कि इस दौरे के बाद जर्जर सड़कों, बिजली-पानी और अन्य बुनियादी समस्याओं के समाधान को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तेजी से कार्रवाई देखने को मिलेगी।









