
हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। मानसून से पहले हल्द्वानी की जनता को राहत देने और शहर की बदहाल सड़कों को दुरुस्त करने के लिए दर्जा राज्यमंत्री नवीन वर्मा ने मोर्चा संभाल लिया है।
शहर में चल रहे सीवर, पेयजल और सड़क निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने साफ कहा कि बरसात शुरू होने से पहले सभी निर्माणाधीन सड़कें हर हाल में पूरी होनी चाहिए, ताकि लोगों को जलभराव और जाम जैसी समस्याओं से जूझना न पड़े।
हल्द्वानी महानगर में चल रहे विकास कार्यों को गति देने के लिए आयोजित समीक्षा बैठक में उत्तराखंड अर्बन सेक्टर डेवलपमेंट एजेंसी (यूयूएसडीए) समेत विभिन्न कार्यदाई संस्थाओं के अधिकारी मौजूद रहे। यह बैठक शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा के निर्देशों पर आयोजित की गई।
बैठक में दर्जा राज्यमंत्री नवीन वर्मा ने शहर में सीवर लाइन और पेयजल लाइन बिछाने के बाद चल रहे सड़क निर्माण कार्यों की गहन समीक्षा की। उन्होंने चारों कार्यदाई संस्थाओं के अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि मानसून सीजन शुरू होने से पहले सभी निर्माणाधीन सड़कें पूरी कर ली जाएं।
उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनता को बरसात के दौरान जलभराव, कीचड़ और आवागमन की परेशानी से बचाने के लिए गुणवत्ता के साथ तय समय सीमा में काम पूरा करना जरूरी है।
दर्जा राज्यमंत्री नवीन वर्मा ने विशेष तौर पर तीनपानी से काठगोदाम तक निर्माणाधीन हाईवे के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तीनपानी से नवीन मंडी तक और निर्मला स्कूल से नरिमन चौराहे तक का निर्माण कार्य प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा किया जाए।
बैठक में उन्होंने यह भी कहा कि रोडवेज बस स्टेशन को अस्थायी रूप से ट्रांसपोर्ट नगर शिफ्ट करना जरूरी है, तभी नमो भवन के निर्माण कार्य को गति मिल सकेगी।
इसके अलावा नवीन वर्मा ने नगर प्रशासन को बरसात से पहले शहर की सभी नालियों की सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि टेड़ी पुलिया और तिकोनिया चौराहे पर हर साल अत्यधिक जलभराव की समस्या रहती है, इसलिए इन क्षेत्रों की नालियों की विशेष सफाई कराई जाए। साथ ही तिकोनिया से नगर निगम तक बंद पड़ी नाली को जल्द साफ कराने के भी निर्देश दिए गए।









