कल CBSE की बड़ी परीक्षा… नैनीताल जिले के 9 केंद्रों पर हाई अलर्ट, नकल पर रहेगा कड़ा पहरा

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी/नैनीताल, प्रेस 15 न्यूज। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की कक्षा 12वीं की पूरक परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए नैनीताल जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।

परीक्षा 28 जुलाई को जिले के नौ परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी। परीक्षा की गोपनीय सामग्री की सुरक्षा और निर्बाध संचालन सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने विभिन्न अधिकारियों को कार्यपालक मजिस्ट्रेट एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट के रूप में नियुक्त किया है।

Ad

जिलाधिकारी ने बताया कि परीक्षा सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक आयोजित होगी। प्रश्नपत्र, उत्तर पुस्तिकाओं और अन्य गोपनीय अभिलेखों के सुरक्षित परिवहन, संग्रहण, अभिरक्षा तथा परीक्षा समाप्त होने के बाद उन्हें सीबीएसई के अधिकृत अधिकारी को सुरक्षित हस्तांतरित करने की जिम्मेदारी नामित सेक्टर मजिस्ट्रेटों को सौंपी गई है।

जनपद के सेंट जेवियर्स स्कूल मल्लीताल, लेक्स इंटरनेशनल स्कूल भीमताल, सेंट थेरेसा स्कूल काठगोदाम, निर्मला कॉन्वेंट स्कूल काठगोदाम, डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल हल्द्वानी, यूनिवर्सल कॉन्वेंट स्कूल केजीआरडी हल्द्वानी, यूनिवर्सल कॉन्वेंट स्कूल कालाढूंगी, ग्रेट मिशन पब्लिक स्कूल हिम्मतपुर तथा पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय सुयालबाड़ी सहित कुल नौ परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जाएगी।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि सभी नामित मजिस्ट्रेट परीक्षा दिवस पर संबंधित केंद्र अधीक्षक एवं प्रधानाचार्यों के साथ समन्वय स्थापित करेंगे। वे कस्टोडियन बैंक से गोपनीय सामग्री प्राप्त कर उसे सुरक्षित रूप से परीक्षा केंद्र तक पहुंचाएंगे। परीक्षा समाप्त होने के बाद उत्तर पुस्तिकाओं के पार्सलों का सुरक्षित संग्रहण सुनिश्चित करते हुए उन्हें उसी दिन सीलबंद अवस्था में निर्धारित संग्रहण केंद्र पर जमा कराया जाएगा।

जिला प्रशासन का कहना है कि परीक्षा की प्रत्येक प्रक्रिया पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता या नकल की संभावना को पूरी तरह समाप्त किया जा सके। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

What’s your Reaction?
+1
1
+1
1
+1
0
+1
0
+1
0

Ad

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें