
हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। डिजिटल शिक्षा और कौशल आधारित अधिगम के क्षेत्र में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। भारत सरकार के प्रतिष्ठित SWAYAM प्लेटफॉर्म पर विश्वविद्यालय को 5 नए ऑनलाइन MOOCs पाठ्यक्रम संचालित करने की स्वीकृति मिली है। ये पाठ्यक्रम जुलाई 2026 सत्र से शुरू होंगे। इसके लिए विश्वविद्यालय को कुल 67.50 लाख रुपये का अनुदान भी प्राप्त होगा।
प्रत्येक 4 क्रेडिट पाठ्यक्रम के लिए 13.50 लाख रुपये की दर से यह वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। स्वीकृत पाठ्यक्रमों में “ऑपरेशनल मैनेजमेंट ऑफ होमस्टे स्टार्ट-अप्स”, “माइक्रो फाइनेंस”, “डेवलपमेंट स्टडीज़ : इंट्रोडक्शन एंड थ्योरीज़”, “सीपीएस-3 असेसमेंट फॉर लर्निंग” तथा “बेसिक्स ऑफ एनालिटिकल लेबोरेटरी टेक्नीक्स” शामिल हैं। इन पाठ्यक्रमों में उद्यमिता, कौशल विकास, शिक्षा, माइक्रो फाइनेंस, विकास अध्ययन और प्रयोगशाला तकनीकों जैसे समकालीन विषयों को प्रमुखता दी गई है।
विश्वविद्यालय पहले से ही SWAYAM प्लेटफॉर्म पर 12 ऑनलाइन MOOCs पाठ्यक्रमों का सफल संचालन कर रहा है। वर्ष 2025-26 में विश्वविद्यालय के विभिन्न ऑनलाइन पाठ्यक्रमों में 69,771 शिक्षार्थियों ने नामांकन कराया, जबकि अब तक कुल नामांकन संख्या 2,34,153 तक पहुंच चुकी है।
विश्वविद्यालय का “इंट्रोडक्शन टू साइबर सिक्योरिटी” पाठ्यक्रम सबसे अधिक लोकप्रिय रहा है। इस पाठ्यक्रम में अब तक 1,38,364 शिक्षार्थी नामांकन कर चुके हैं और इसकी पहुंच 65 देशों तक हो चुकी है।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहानी ने कहा कि उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रहा है।
उन्होंने कहा कि SWAYAM जैसे राष्ट्रीय मंच पर विश्वविद्यालय की बढ़ती उपस्थिति डिजिटल शिक्षा, आजीवन अधिगम और कौशल आधारित शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। भविष्य में भी रोजगारोन्मुख और समाजोपयोगी ऑनलाइन पाठ्यक्रम विकसित किए जाते रहेंगे।









