
चम्पावत, प्रेस 15 न्यूज। सुरक्षित, जागरूक और जिम्मेदार समाज के निर्माण की दिशा में चम्पावत पुलिस का जनजागरूकता अभियान लगातार आगे बढ़ रहा है।
इसी क्रम में गुरुवार को पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कुलेठी में आयोजित ‘पुलिस की पाठशाला’ कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों से संवाद कर उन्हें साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, नशा उन्मूलन, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग और कानून संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियों से अवगत कराया।
कार्यक्रम के दौरान एसपी रेखा यादव ने कहा कि डिजिटल युग में जागरूकता ही सबसे बड़ा सुरक्षा कवच है। उन्होंने विद्यार्थियों को साइबर ठगी से बचने के लिए किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करने, ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी और अन्य गोपनीय सूचनाएं किसी के साथ साझा न करने की सलाह दी। साथ ही साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की।
उन्होंने छात्राओं को महिला सुरक्षा, गुड टच-बैड टच, आत्मविश्वास के साथ अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल पुलिस को सूचना देने के लिए प्रेरित किया।
विद्यार्थियों को आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 1090, मानस हेल्पलाइन 1933 तथा STOPNCII.org.in पोर्टल के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। एसपी ने बताया कि यदि किसी की निजी फोटो या वीडियो बिना अनुमति इंटरनेट पर साझा होने का खतरा हो, तो इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से उसके प्रसार को रोकने में मदद मिल सकती है।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे, जिनका एसपी रेखा यादव ने सरल और व्यवहारिक उदाहरणों के माध्यम से जवाब दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारियों का भी ईमानदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया।
चम्पावत पुलिस ने बताया कि जिले के विद्यालयों में ‘पुलिस की पाठशाला’ अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि युवा पीढ़ी कानून, सुरक्षा और साइबर अपराधों के प्रति अधिक जागरूक बन सके।
(लोहाघाट से वरिष्ठ पत्रकार गणेश दत्त पांडेय की एक्सक्लूसिव रिपोर्ट ✍️)








