
कोटाबाग, प्रेस 15 न्यूज। कोटाबाग महाविद्यालय में आयोजित छात्र संबोधन कार्यक्रम के बाद एक ऐसा मानवीय दृश्य देखने को मिला, जिसने वहां मौजूद सभी लोगों का दिल छू लिया। कार्यक्रम में अतिथि के रूप में पहुंचे पुष्पा मेमोरियल फाउंडेशन के ट्रस्टी और समाजसेवी गुंजन तिवारी की नजर महाविद्यालय में लंबे समय से कार्यरत कर्मचारी सुंदर जोशी पर पड़ी।
तेज बारिश के बीच सुंदर जोशी चप्पल पहनकर महाविद्यालय के अपने रोजमर्रा के कार्यों में जुटे हुए थे। इस दौरान चप्पल फिसलने से वो गिर पड़े। उनकी जिम्मेदारी और संस्थान के प्रति निष्ठा ने गुंजन तिवारी का ध्यान खींचा। उन्होंने तत्काल सुंदर जोशी को अपने पास बुलाकर उनका हालचाल जाना।
इसके बाद गुंजन तिवारी ने बिना देर किए अपने साथियों को बाजार भेजकर उनके लिए नए जूते मंगवाए। जूते आने के बाद उन्होंने खुद अपने हाथों से सुंदर जोशी को जूते सौंपे।
यह छोटा-सा लेकिन भावुक पल देखकर महाविद्यालय में मौजूद लोगों ने तालियों से इस पहल का स्वागत किया। सुंदर जी के चेहरे पर नजर आई खुशी ने इस पूरे प्रसंग को और खास बना दिया।

इस दौरान लोगों के बीच यह चर्चा भी रही कि बात केवल नए जूतों की नहीं, बल्कि उस सोच और संवेदनशीलता की है, जिसमें किसी व्यक्ति की मेहनत और निष्ठा को पहचानकर उसे सम्मान दिया जाए।
गुंजन तिवारी की इस पहल ने महाविद्यालय में मौजूद लोगों के बीच मानवीय संवेदना और सम्मान का संदेश दिया। सुंदर जी के प्रति दिखाई गई आत्मीयता ने कार्यक्रम को एक ऐसे भावुक पल के साथ समाप्त किया, जिसे वहां मौजूद लोग लंबे समय तक याद रखेंगे।
कोटाबाग महाविद्यालय में आयोजित बीएससी कृषि छात्र संबोधन कार्यक्रम में पुष्पा मेमोरियल फाउंडेशन के ट्रस्टी एवं समाजसेवी गुंजन तिवारी अतिथि के रूप में शामिल हुए।
उन्होंने छात्र-छात्राओं और युवाओं से संवाद करते हुए उनकी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने, स्वरोजगार की संभावनाएं तलाशने और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में युवाओं की मौजूदगी और उनके साथ गुंजन तिवारी का संवाद खासा चर्चा में रहा। कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र में युवाओं के बीच उनकी लगातार बढ़ती सक्रियता और लोकप्रियता अब विभिन्न सामाजिक अभियानों के माध्यम से दिखाई दे रही है। स्वरोजगार, नशा मुक्ति और युवाओं को अपनी संस्कृति एवं सनातन मूल्यों से जोड़ने जैसे प्रयासों में बड़ी संख्या में युवा उनसे जुड़ रहे हैं।
सामाजिक सेवा को बनाया जनसेवा का माध्यम
पुष्पा मेमोरियल फाउंडेशन के माध्यम से गुंजन तिवारी क्षेत्र में सामाजिक सरोकारों से जुड़े कई अभियानों को आगे बढ़ा रहे हैं। फाउंडेशन की ओर से स्वरोजगार के लिए ब्याज मुक्त ऋण योजना के जरिए जरूरतमंद लोगों को अपने पैरों पर खड़े होने और आत्मनिर्भर बनने का अवसर देने का प्रयास किया जा रहा है।
वहीं युवाओं को नशे से दूर रखने के उद्देश्य से ‘खेल से नाता जोड़ो’ अभियान चलाया जा रहा है। खेलों के माध्यम से युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़कर उन्हें नशे की प्रवृत्ति से दूर रखने का संदेश दिया जा रहा है।
इसके साथ ही युवाओं को सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ने के प्रयास भी किए जा रहे हैं। पुष्पा मेमोरियल फाउंडेशन का उद्देश्य युवाओं के मानसिक और आध्यात्मिक उत्थान के साथ उन्हें अपनी जड़ों और संस्कारों से जोड़ना है।
सामाजिक सेवा का दायरा केवल युवाओं तक सीमित नहीं है। गांवों में स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन कर ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने और सरकारी विद्यालयों में स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था जैसे कार्य भी फाउंडेशन के माध्यम से किए जा रहे हैं।
इन पहलों के जरिए पुष्पा मेमोरियल फाउंडेशन और गुंजन तिवारी कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वरोजगार, खेल और सामाजिक जागरूकता से जुड़े मुद्दों पर लगातार काम कर रहे हैं।
युवाओं को आगे बढ़ने का संदेश
महाविद्यालय में छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए गुंजन तिवारी ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्हें अपनी ऊर्जा को सही दिशा में लगाकर कृषि, स्वरोजगार, उद्यमिता और समाजसेवा के क्षेत्र में नए अवसर तलाशने चाहिए।
कार्यक्रम में व्यास कपिल देव जी, प्रदेश उपाध्यक्ष भाजपा राजेंद्र सिंह बिष्ट, एबीवीपी संगठन महामंत्री कैलाश बिष्ट, ज्येष्ठ प्रमुख गीता तिवारी, कनिष्ठ प्रमुख अपूर्वा बिष्ट, प्राचार्य डॉ. कमरूदीन, मेयर गजराज सिंह बिष्ट, दीपा, राहुल पंत, गिरीश चंद्र पढ़ालनी, छात्रसंघ अध्यक्ष दीपक जोशी, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि विकास जोशी और उपाध्यक्ष सचिन बधानी समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में समाजसेवी गुंजन तिवारी ने महाविद्यालय परिवार और छात्रसंघ का आभार जताया। उन्होंने कहा कि आज के युवा ही देश के भविष्य को नई दिशा देंगे। उन्होंने युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और सफलता की कामना की।









