
कोटाबाग, प्रेस 15 न्यूज। जब युवा मैदान से जुड़ते हैं, तब समाज बुराइयों से दूर होता है… कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र में इन दिनों एक ऐसा प्रयास लगातार दिखाई दे रहा है, जहां खेल, स्वरोजगार और सामाजिक जागरूकता को साथ लेकर युवाओं के भविष्य को मजबूत करने की मुहिम चल रही है।
पुष्पा मेमोरियल फाउंडेशन के संस्थापक और समाजसेवी गुंजन तिवारी युवाओं को केवल संसाधन ही नहीं दे रहे, बल्कि उन्हें आत्मविश्वास और नई दिशा देने का काम भी कर रहे हैं।
इसी क्रम में आज कोटाबाग क्षेत्र के नौदा, डाकबंगला, दोहनिया और इंटर कॉलेज में पुष्पा मेमोरियल फाउंडेशन के संस्थापक गुंजन तिवारी द्वारा युवाओं को वॉलीबॉल और नेट वितरित किए गए। इस अवसर पर एबीवीपी छात्र संघ अध्यक्ष दीपक जोशी एवं गिरीश पढ़ालनी भी उपस्थित रहे।
पुष्पा मेमोरियल फाउंडेशन लगातार कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र में युवाओं को खेलों और स्वरोजगार से जोड़ने का कार्य कर रहा है। फाउंडेशन द्वारा जरूरतमंद युवाओं को ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें और अपने सपनों को नई उड़ान दे सकें। साथ ही नशा मुक्ति को लेकर भी लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं।
आज के समय में जब युवा वर्ग तेजी से नशे और भटकाव की ओर बढ़ रहा है, ऐसे दौर में खेल मैदानों तक संसाधन पहुंचाना और युवाओं को सकारात्मक माहौल देना समाज के लिए एक बड़ी जरूरत बन चुका है।
लगातार जनहित और युवा हित में किए जा रहे कार्यों के चलते अब गुंजन तिवारी की पहचान केवल एक समाजसेवी तक सीमित नहीं रही। क्षेत्र में आमजनमानस का बढ़ता समर्थन उन्हें भावी जनप्रतिनिधि के तौर पर भी चर्चाओं में ला रहा है।
समाजसेवी गुंजन तिवारी कहते हैं कि हमारा उद्देश्य युवाओं को मजबूत बनाना है। जब युवा खेल, शिक्षा और रोजगार से जुड़ेंगे तभी समाज मजबूत होगा। हम चाहते हैं कि हर युवा अपने सपनों को पूरा करे और नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर अपने परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन करे।









