कालाढूंगी: क्रिकेट के मैदान से स्वरोजगार तक, युवाओं के सपनों को नई उड़ान दे रहे गुंजन तिवारी

खबर शेयर करें -

कालाढूंगी, प्रेस 15 न्यूज। कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र में पुष्पा मेमोरियल फाउंडेशन लगातार नशा मुक्ति, खेल और स्वरोजगार के जरिए विकास के नए आयाम गढ़ रहा है।

संस्था के संस्थापक समाजसेवी गुंजन तिवारी के नेतृत्व में युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़कर उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाने के साथ-साथ आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी लगातार काम किया जा रहा है। ब्याज मुक्त ऋण योजना के माध्यम से क्षेत्र में स्वरोजगार की अलख जगाई जा रही है, जिससे कई युवा अपने पैरों पर खड़े होकर नई पहचान बना रहे हैं।

Ad

इसी क्रम में कोटाबाग क्षेत्र के देगांव में पुष्पा मेमोरियल फाउंडेशन की ओर से क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला बजरंग 11 और कल्याजला 11 के बीच खेला गया, जिसमें बजरंग 11 ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की।

बजरंग 11 टीम के कप्तान सागर भगत रहे, जबकि कल्याजला 11 की कमान पीयूष ने संभाली। मैच के दौरान पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला और बड़ी संख्या में ग्रामीण युवाओं का हौसला बढ़ाने मैदान पहुंचे।

 

इस अवसर पर समाजसेवी गुंजन तिवारी ने कहा कि कालाढूंगी क्षेत्र के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, जरूरत सिर्फ उन्हें सही मंच और सही दिशा देने की है। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, संघर्ष और टीम भावना सिखाता है, जबकि स्वरोजगार उन्हें आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता देता है।

उनका संकल्प है कि कालाढूंगी क्षेत्र का कोई भी युवा बेरोजगारी, नशे या निराशा की तरफ न जाए, बल्कि अपने हुनर और मेहनत के दम पर नई पहचान बनाए।

उन्होंने कहा कि पुष्पा मेमोरियल फाउंडेशन आने वाले समय में भी गांव-गांव जाकर युवाओं को खेल, शिक्षा और रोजगार से जोड़ने का अभियान जारी रखेगा। ब्याज मुक्त ऋण योजना का उद्देश्य सिर्फ आर्थिक मदद देना नहीं, बल्कि युवाओं में आत्मविश्वास जगाना और उन्हें अपने सपनों को पूरा करने का अवसर देना है।

ग्रामीणों और अभिभावकों ने भी फाउंडेशन की पहल की सराहना करते हुए कहा कि आज के समय में जब युवा नशे और गलत संगत की ओर भटक रहे हैं, ऐसे आयोजन उन्हें सकारात्मक दिशा देने का काम कर रहे हैं। लोगों ने कहा कि उनके बच्चे अब मोबाइल और गलत आदतों से दूर मैदान में समय बिता रहे हैं, जिससे परिवारों में भी खुशी का माहौल है।

क्षेत्र में पुष्पा मेमोरियल फाउंडेशन की ब्याज मुक्त ऋण योजना की खूब चर्चा हो रही है। स्थानीय युवाओं का कहना है कि संस्था की मदद से कई लोगों ने छोटे व्यवसाय शुरू किए हैं और अब वे आत्मनिर्भर बनने की राह पर आगे बढ़ रहे हैं।

टूर्नामेंट के सफल आयोजन में मनीष बिष्ट, विकास जोशी, दीपक जोशी (अध्यक्ष, कोटाबाग कॉलेज), सचिन बधानी, हीरा बोरा (ग्राम प्रधान पतलिया) और गिरीश पढालनी समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

इसी कड़ी में पुष्पा मेमोरियल फाउंडेशन द्वारा क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कल्याणपुर, नोदा और दे गांव में युवाओं को वॉलीबॉल भी वितरित किए गए। इस पहल से गांवों के युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

स्थानीय लोगों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल संसाधनों की कमी के बीच फाउंडेशन का यह प्रयास बच्चों और युवाओं को खेलों की ओर प्रेरित करने में महत्वपूर्ण साबित होगा। समाजसेवी गुंजन तिवारी ने कहा कि उनका उद्देश्य गांव-गांव में खेल संस्कृति को मजबूत करना है, ताकि युवा नशे और नकारात्मक गतिविधियों से दूर रहकर अपनी ऊर्जा खेल और सकारात्मक कार्यों में लगाएं।

What’s your Reaction?
+1
0
+1
2
+1
0
+1
0
+1
0

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें