
हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। बरेली रोड क्षेत्र में घटित सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया है। यह मामला पारिवारिक पृष्ठभूमि से जुड़ा बताया जा रहा है, जिसमें बड़े भाई द्वारा छोटे भाई की हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 3 फरवरी की रात्रि लगभग 11 बजे राम मंदिर बगीचा, बरेली रोड क्षेत्र में आरोपी संदीप जायसवाल द्वारा अपने छोटे भाई सोनू जायसवाल के साथ मारपीट की गई, जिसमें सोनू जायसवाल को गंभीर चोटें आईं और बाद में उसकी मृत्यु हो गई।
घटना के संबंध में मृतक के परिजन अंकित जायसवाल पुत्र संजय जायसवाल द्वारा कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर दी गई, जिसके आधार पर हत्या का मुकदमा पंजीकृत किया गया।
जांच के दौरान पुलिस द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण, आसपास के सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी संदीप जायसवाल पुत्र स्व. लल्लन प्रसाद जायसवाल निवासी राम मंदिर बगीचा, बरेली रोड, हल्द्वानी को गिरफ्तार किया गया।
आरोपी की गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से रिवॉल्वर (32 बोर), दो जिंदा कारतूस तथा हत्या में प्रयुक्त लोटा बरामद किया गया है। अवैध असलहे की बरामदगी के आधार पर आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के अंतर्गत भी अलग से अभियोग दर्ज किया गया है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके छोटे भाई की तबीयत काफी समय से खराब चल रही थी और आर्थिक तंगी के कारण इलाज में कठिनाई हो रही थी। इसी मानसिक तनाव और नशे की हालत में विवाद के दौरान मारपीट हुई, जिससे घटना घटित हुई। आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।









