हल्द्वानी सड़क हादसा: बुजुर्ग की मौत पर मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश, 15 दिन में रिपोर्ट तलब

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। रविवार को पनचक्की रोड स्थित अंबिका विहार के पास हुई दर्दनाक सड़क दुर्घटना, जिसमें एक बुजुर्ग की जान चली गई थी, को प्रशासन ने अत्यंत गंभीरता से लिया है। मामले की निष्पक्ष, स्वतंत्र और विधिसम्मत जांच सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश जारी किए हैं।

भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) 2023 तथा शासन के दिशा-निर्देशों के तहत नगर मजिस्ट्रेट हल्द्वानी एपी।वाजपेयी को इस घटना का जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि जांच के दौरान दुर्घटना के कारणों का विस्तृत विवरण लिया जाए, यह भी परखा जाए कि कहीं किसी पक्ष की लापरवाही या यातायात नियमों का उल्लंघन तो नहीं हुआ, और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने हेतु ठोस संस्तुतियां प्रस्तुत की जाएं।

Ad

जांच अधिकारी को 15 दिनों के भीतर विस्तृत आख्या सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही पुलिस एवं प्रशासन के संबंधित अधिकारियों को यह भी आदेशित किया गया है कि वे जांच अधिकारी को घटना से जुड़े सभी साक्ष्य सीसीटीवी फुटेज, पंचनामा रिपोर्ट, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान आदि तत्काल उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।

मजिस्ट्रेटी जांच के क्रम में नगर मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी के पास इस दुर्घटना से संबंधित कोई जानकारी या साक्ष्य हों, तो वे 15 दिन के भीतर किसी भी कार्य दिवस में उनके कार्यालय में उपस्थित होकर विवरण उपलब्ध करा सकते हैं।

दुर्घटना के बाद नगर मजिस्ट्रेट ने ट्रैफिक पुलिस, कार्यदाई संस्था यूएसएसडीए तथा सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ पनचक्की से चौफला एवं दोनहरिया क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान कार्यदाई संस्था के अधिकारियों और स्थानीय निवासियों से कार्यों की स्थिति की जानकारी ली गई।

नगर मजिस्ट्रेट ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों के दौरान आमजन को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए ट्रेंचलेस तकनीक अपनाई जा रही है। जहां भी गड्ढे बनाए गए हैं, वहां यातायात संचालन के लिए सड़क को चौड़ा किया जाए। आवश्यकता पड़ने पर सड़क की दूसरी ओर बने फुटपाथ या रैंप अस्थायी रूप से हटाकर सड़क चौड़ी की जाए और कार्य पूर्ण होने के बाद उन्हें पूर्व स्थिति में बहाल किया जाए। साथ ही सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

निरीक्षण के दौरान यूएसएसडीए के परियोजना प्रबंधक कुलदीप कुमार, यातायात निरीक्षक महेश चंद्रा, सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता विजय जोशी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

What’s your Reaction?
+1
1
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें