
हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। लालडांठ क्षेत्र की तिलक नगर फेस वन कॉलोनी में पिछले कुछ दिनों से पेयजल लाइन से आ रहे बदबूदार पानी ने करीब दर्जन भर परिवारों की परेशानी बढ़ा दी है। हालात ऐसे हैं कि लोग इस पानी का इस्तेमाल करने से भी परहेज कर रहे हैं। शिकायत के बाद जल संस्थान ने फिलहाल टैंकर के जरिए पानी की आपूर्ति शुरू कर दी है, लेकिन स्थानीय लोग समस्या के स्थायी समाधान का इंतजार कर रहे हैं।
मंगलवार सुबह कॉलोनी के लोग बोतल में बदबूदार पानी लेकर जल संस्थान कार्यालय पहुंचे और अधिशासी अभियंता रविशंकर लोशाली से मुलाकात कर समस्या बताई। लोगों ने आशंका जताई कि पिछले दिनों यूयूएसडीए ने नई लाइन बिछाने के लिए सड़क को खोदा था। इस दौरान किसी घर के सीवर या सोख्ता टैंक में रिसाव के कारण दूषित पानी पेयजल लाइन में मिल रहा हो सकता है।
खास बात यह है कि कॉलोनी के शुरुआती हिस्से में रहने वाले परिवार पेयजल में किसी तरह की दिक्कत होने से इनकार कर रहे हैं, जबकि कॉलोनी के बीच में रहने वाले करीब आठ-10 परिवार बदबूदार पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। ऐसे में दूषित पानी पेयजल लाइन में कहां से मिल रहा है, यह भी एक बड़ा सवाल बना हुआ है।
अधिशासी अभियंता रविशंकर लोशाली ने बताया कि कॉलोनी के कुछ परिवार पेयजल में बदबू की शिकायत लेकर उनसे मिले थे। लोगों की परेशानी को देखते हुए कॉलोनी में रोजाना टैंकर के माध्यम से शुद्ध पेयजल की आपूर्ति की जा रही है, ताकि उन्हें पीने के पानी के लिए परेशानी न उठानी पड़े।
अधिशासी अभियंता रविशंकर लोशाली ने बताया कि कॉलोनी में उत्तराखंड अर्बन सेक्टर डेवलपमेंट एजेंसी (यूयूएसडीए) की ओर से ट्यूबवेल की नई पेयजल लाइन भी डाली जा रही है। समस्या के स्थायी समाधान के लिए उन्होंने यूयूएसडीए के परियोजना प्रबंधक कुलदीप सिंह से वार्ता की है। उनसे विकास नगर स्थित जल संस्थान के ट्यूबवेल से नई लाइन को जल्द से जल्द कॉलोनी से जोड़ने को कहा गया है।
ईई रविशंकर लोशाली के अनुसार, नई लाइन को जोड़ने में करीब आठ से 10 दिन का समय लग सकता है। इसके बाद कॉलोनी के लोगों को बदबूदार पानी की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि अगर इस काम में किसी कारणवश देरी होती है तो दूसरा विकल्प कॉलोनी की सड़क को खोदकर लीकेज तलाशने में जुटा जाएगा।
कॉलोनी निवासी ललिता मठपाल ने बताया कि पिछले कई दिनों से पानी में बहुत तेज बदबू आ रही है। इस पानी से फर्श साफ कर रहे हैं तो मक्खी मच्छर और कीड़े भिनभिनाने लग जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो उग्र प्रदर्शन को मजबूर होंगे।
जल संस्थान कार्यालय में शिकायत लेकर पहुंचने वालों में भुवन सिंह बिष्ट, रीता बिष्ट, योगेश बिष्ट, दीपा भैसोड़ा, ललिता मठपाल, प्रेम बल्लभ उप्रेती, मीरा उप्रेती और गुड्डी कंडारी शामिल रहे।









