Haldwani: पेड़ कटे तो मौसम बिगड़ा, पॉलीथीन बढ़ी तो धरती बीमार, डॉ. पंत ने दिया बचाने का संकल्प

खबर शेयर करें -

हल्दूचौड़, प्रेस 15 न्यूज। पर्यावरण संरक्षण को लेकर लगातार जनजागरूकता अभियान चला रहे पूर्व जिला आयुर्वेद अधिकारी एवं पर्यावरणविद् डॉ. आशुतोष पंत ने नैनीताल जिले के हल्दूचौड़ क्षेत्र की सकुलिया और खड़कपुर ग्रामसभाओं में ग्रामीणों को फलदार पौधे निशुल्क वितरित किए। इस दौरान लोगों को अधिक से अधिक पौधे लगाने और पॉलीथीन का प्रयोग पूरी तरह बंद करने का संकल्प भी दिलाया गया।

डॉ. पंत ने कहा कि विकास के नाम पर जिस तरह अंधाधुंध पेड़ों की कटाई हो रही है, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए गंभीर खतरे का संकेत है। कागजों में लाखों पौधे लगाने के दावे किए जाते हैं, लेकिन धरातल पर पौधों के संरक्षण और उनके पेड़ बनने तक की जिम्मेदारी तय नहीं हो पाती। यही वजह है कि पर्यावरणीय असंतुलन लगातार बढ़ रहा है।

Ad

उन्होंने कहा कि कहीं बारिश का इंतजार लंबा हो रहा है तो कहीं अतिवृष्टि तबाही मचा रही है। औसत तापमान में लगातार बढ़ोतरी का असर केवल मौसम पर ही नहीं, बल्कि आम लोगों की कार्यक्षमता और जीवनशैली पर भी पड़ रहा है। इस स्थिति से निपटने का सबसे प्रभावी उपाय प्रकृति के साथ संतुलन स्थापित करना और अधिक से अधिक पेड़ लगाकर उनका संरक्षण करना है।

पॉलीथीन धरती के लिए जहर’

ग्रामीणों को जागरूक करते हुए डॉ. पंत ने पॉलीथीन के दुष्प्रभावों पर भी विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पॉलीथीन केवल पर्यावरण को प्रदूषित नहीं करती, बल्कि मिट्टी की उर्वरता को प्रभावित कर धरती को बंजर बनाने में भी भूमिका निभाती है। इसके दुष्प्रभाव इंसानों और पशुओं के स्वास्थ्य के लिए भी गंभीर चिंता का विषय हैं।

उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि पर्यावरण संरक्षण को केवल सरकारी अभियान न मानें, बल्कि इसे हर व्यक्ति की व्यक्तिगत जिम्मेदारी बनाएं। एक पौधा लगाना ही पर्याप्त नहीं है, उसे पेड़ बनने तक बचाना भी उतना ही जरूरी है। इसी तरह पॉलीथीन का विकल्प अपनाकर इसके इस्तेमाल को धीरे-धीरे पूरी तरह समाप्त करने की दिशा में कदम उठाने होंगे।

इस अवसर पर ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के साथ ही अधिक से अधिक फलदार पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने के लिए प्रेरित किया गया।

डॉ. आशुतोष पंत ने अभियान में सहयोग के लिए खड़कपुर ग्राम प्रधान प्रदीप कुमार, सकुलिया ग्राम प्रधान पुष्पा जोशी, विपिन जोशी, समाजसेवी देवेंद्र बिष्ट तथा मुख्य संयोजक समाजसेवी गोपाल जोशी का आभार व्यक्त किया।

What’s your Reaction?
+1
1
+1
1
+1
0
+1
0
+1
0

Ad

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें