
हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। 10 करोड़ रुपये से अधिक के फर्जीवाड़े के मामले में पुलिस प्रशासन ने जांच प्रक्रिया तेज कर दी है। धनंजय गिरी के खिलाफ सामने आए इस गंभीर आर्थिक अपराध प्रकरण में जांच में लापरवाही पाए जाने पर आईजी रिद्धिम अग्रवाल ने भोटिया पड़ाव चौकी प्रभारी अनिल कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
मामले की जांच को प्रभावी और व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाने के लिए एसपी सिटी हल्द्वानी के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया है। SIT पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच कर सभी पहलुओं की समीक्षा करेगी और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार धनंजय गिरी के खिलाफ वर्ष 2018 से अब तक कुल 9 मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें धोखाधड़ी, फर्जीवाड़ा और आर्थिक अपराध से जुड़े गंभीर आरोप शामिल हैं। इन मामलों की भी समग्र समीक्षा की जा रही है।
पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी भी व्यक्ति के साथ धनंजय गिरी द्वारा फर्जीवाड़ा किया गया है, तो वे संबंधित थाने या पुलिस कार्यालय में शिकायत दर्ज कराएं, ताकि साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा सके।









