
हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। शहर के वार्ड नंबर 35, 36 और 37 के नागरिकों की स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। मेयर गजराज सिंह बिष्ट ने वार्ड नंबर 36 में आयुष्मान आरोग्य मंदिर का विधिवत शुभारम्भ किया गया।
इस केंद्र के शुरू होने से आसपास के तीन वार्डों के हजारों नागरिकों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उनके घर के नजदीक उपलब्ध होंगी।
आयुष्मान आरोग्य मंदिर में उपचार के साथ-साथ नागरिकों को स्वास्थ्य जागरूकता, पौष्टिक आहार, स्वच्छता तथा रोगों से बचाव के निवारक उपायों की जानकारी भी दी जाएगी। केंद्र पर प्रशिक्षित एमबीबीएस चिकित्सकों की टीम द्वारा प्रतिदिन सामान्य रोगों की जांच, परामर्श और उपचार की सुविधाएं पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।
इसके अतिरिक्त यहां आवश्यक दवाइयों का वितरण, गर्भवती महिलाओं की प्रसवपूर्व जांच, बच्चों का नियमित टीकाकरण, वरिष्ठ नागरिकों की स्वास्थ्य जांच तथा गैर संचारी रोगों जैसे हृदय रोग, मधुमेह, उच्च रक्तचाप और कैंसर की प्राथमिक जांच व परामर्श की सुविधा भी प्रदान की जाएगी।
इन सभी सेवाओं के लिए नागरिकों से किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा। यह स्वास्थ्य केंद्र राज्य एवं केंद्र सरकार की संयुक्त पहल के अंतर्गत संचालित किया जा रहा है।
शुभारम्भ अवसर पर मंडल अध्यक्ष काठगोदाम नीरज बिष्ट, पार्षद वार्ड 36 तनुजा जोशी, पूर्व प्रधान महेश जोशी, मंडल महामंत्री अरुण कुमार, बीएसएनएल के सदस्य पनराम, मंडल अध्यक्ष ओबीसी मोर्चा रोषपाल मौर्या, मीडिया प्रभारी पंकज अधिकारी, मीडिया संयोजक मुन्ना शुक्ला, वीरेंद्र बिष्ट, रक्षित शर्मा, डॉ. राहुल तोमर सहित नर्सिंग स्टाफ, फार्मासिस्ट और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

वार्ड 37 से पार्षद प्रतिनिधि और समाजसेवी हृदयेश कुमार ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर की शुरुआत को क्षेत्र के लिए अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे समय पर उपचार, बीमारी की पहचान और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ेगी, जिससे आमजन का जीवन अधिक सुरक्षित और स्वस्थ बन सकेगा।









