Haldwani: सुबह 7 बजे फील्ड में उतरेंगे एईआरओ, बीएलओ की होगी लोकेशन आधारित मॉनिटरिंग

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) की तैयारियों को लेकर संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखंड प्रकाश चन्द्र दुमका ने मंगलवार को नगर निगम सभागार हल्द्वानी में जनपद के सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों एवं उपजिलाधिकारियों के साथ भौतिक एवं वर्चुअल माध्यम से समीक्षा बैठक की।

बैठक में एसआईआर कार्यों में हो रही सुस्ती पर नाराजगी जताते हुए प्रकाश चन्द्र दुमका ने स्पष्ट चेतावनी दी कि जिन कार्मिकों द्वारा अभियान में लेटलतीफी की जा रही है या संतोषजनक कार्य नहीं किया जा रहा है, उनके विरुद्ध निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।

Ad

उन्होंने जनपद नैनीताल में गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन की प्रगति केवल 48.5 प्रतिशत होने पर असंतोष व्यक्त किया और सभी निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों एवं उपजिलाधिकारियों को डिजिटाइजेशन अभियान को युद्धस्तर पर संचालित करने के निर्देश दिए।

संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि गणना प्रपत्र वितरण कार्य का नियमित स्थलीय निरीक्षण किया जाए तथा प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट भारत निर्वाचन आयोग को भेजी जाए।

बूथों पर कम प्रगति मिलने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एईआरओ) प्रतिदिन सुबह 7 बजे से फील्ड में जाकर बीएलओ की उपस्थिति सुनिश्चित करें, उनकी मॉनिटरिंग करें तथा वर्तमान लोकेशन के आधार पर उपस्थिति दर्ज कराएं।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने कहा कि जिन बूथों पर एसआईआर की प्रगति कम है, वहां आ रही तकनीकी समस्याओं का समाधान किया गया है। उन्होंने अधिकारियों से निर्वाचन संबंधी कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अभियान को सुगमता एवं समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने का आह्वान किया।

बैठक में निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी पारितोष वर्मा, एपी बाजपेयी, मोनिका, नवाजिश खलिक, गोपाल सिंह चौहान, अनुराग आर्य, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी हंसा दत्त पाण्डे सहित एसआईआर अभियान से जुड़े अधिकारी उपस्थित रहे।

What’s your Reaction?
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें