
हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। यदि आप सिलाई के हुनर को रोजगार में बदलना चाहती हैं, तो आपके लिए सुनहरा अवसर है। 31 दिवसीय निःशुल्क सिलाई (महिला परिधान) प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए आवेदन शुरू हो गए हैं।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को न केवल आधुनिक सिलाई तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा, बल्कि निःशुल्क आवास और भोजन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं आत्मनिर्भर बनने की दिशा में कदम बढ़ा सकें।
बैंक ऑफ बड़ौदा ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी), नैनीताल महिलाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से 31 दिवसीय निःशुल्क “सिलाई : महिला परिधान” प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू करने जा रहा है। इच्छुक अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
प्रशिक्षण कार्यक्रम 1 अगस्त 2026 से आरंभ होगा। इसके लिए 3 अगस्त 2026 तक आवेदन एवं पंजीकरण किए जा सकेंगे। यह प्रशिक्षण हीरा कुंवर स्कूल के पीछे, कुंवरपुर, गौलापार (हल्द्वानी) स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा आरसेटी केंद्र में आयोजित किया जाएगा।
संस्थान की ओर से बताया गया है कि प्रशिक्षण में नैनीताल जिले के ग्रामीण क्षेत्रों की 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग की महिलाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। पूरे जिले के लिए 30 सीटें निर्धारित की गई हैं।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को निःशुल्क आवास एवं भोजन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाएं भी आसानी से प्रशिक्षण प्राप्त कर सकें।
अधिक जानकारी एवं पंजीकरण के लिए इच्छुक अभ्यर्थी 05946-266095, 8477009546 अथवा 9756947425 पर संपर्क कर सकते हैं।
यह प्रशिक्षण महिलाओं को कौशल विकास के माध्यम से स्वरोजगार और आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण अवसर साबित हो सकता है।









