
कालाढूंगी, प्रेस 15 न्यूज। जब किसी बच्चे के हाथ में खेल का सामान पहुंचता है, तो उसके साथ सिर्फ एक गेंद या टी-शर्ट नहीं, बल्कि आगे बढ़ने का हौसला भी मिलता है।
कालाढूंगी में इसी सोच के साथ गांव-गांव पहुंच रहे पुष्पा मेमोरियल फाउंडेशन के ट्रस्टी एवं समाजसेवी गुंजन तिवारी ने आज फिर बच्चों के चेहरे पर मुस्कान ला दी और लोगों का दिल जीत लिया। बंदर जूड़ा में कबड्डी खिलाड़ियों को टी-शर्ट और कमोला में बच्चों को वॉलीबॉल वितरित कर उन्होंने बच्चों को खेलों से जुड़ने और नशे से दूर रहने का संदेश दिया।
गांव के बच्चों के चेहरे पर मुस्कान और उनके हाथों में खेल का सामान, पुष्पा मेमोरियल फाउंडेशन के ट्रस्टी एवं समाजसेवी गुंजन तिवारी की सेवा यात्रा का यही मानवीय पक्ष लंबे समय से कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र में नजर आ रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सामाजिक जागरूकता से जुड़े प्रयासों के साथ वह युवाओं को खेलों से जोड़कर नशे से दूर रखने की दिशा में भी लगातार काम कर रहे हैं।
इसी क्रम में आज बंदर जूड़ा स्कूल में आगामी कबड्डी प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले बच्चों को टी-शर्ट वितरित की गईं। टी-शर्ट मिलते ही बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। इसके बाद कमोला में बच्चों को वॉलीबॉल वितरित की गई।
इस दौरान समाजसेवी गुंजन तिवारी ने बच्चों से संवाद करते हुए उन्हें नशे से दूर रहने तथा खेलों को जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। उनका संदेश साफ था कि युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा मिले तो यही पीढ़ी गांव और समाज के भविष्य को मजबूत कर सकती है।
समाजसेवी गुंजन तिवारी की सामाजिक पहल का दायरा खेल गतिविधियों से आगे भी है। जरूरतमंदों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए ब्याज मुक्त ऋण योजना, शिक्षा एवं स्वास्थ्य से जुड़े प्रयास और युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने की पहल उनके सेवा कार्यों का हिस्सा हैं।
कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र के गांवों में लगातार लोगों के बीच पहुंच रहे समाजसेवी गुंजन तिवारी के इन प्रयासों की चर्चा अब क्षेत्र में भी दिखाई देने लगी है। उनकी प्राथमिकता गांवों में ऐसी परिस्थितियां तैयार करना है, जहां बच्चों को बेहतर शिक्षा और खेल का अवसर मिले, युवाओं को रोजगार की दिशा मिले और परिवार आत्मनिर्भर बनें।
यही सोच उनकी सेवा यात्रा को महज मदद बांटने से आगे ले जाकर बेहतर और खुशहाल समाज के निर्माण की पहल का रूप देती है।









