Pauri News: प्रो. वीके बंगा के नेतृत्व में जीबीपीआईईटी ने रचा नया रिकॉर्ड, प्रवेश 600 पार

खबर शेयर करें -

घुड़दौड़ी (पौड़ी गढ़वाल) प्रेस 15 न्यूज। गोविंद बल्लभ पंत अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (जीबीपीआईईटी), घुड़दौड़ी में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विभिन्न स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में विद्यार्थियों की उत्साहजनक भागीदारी देखने को मिली है।

वर्तमान प्रवेश स्थिति के अनुसार संस्थान में कुल 600 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है, जो संस्थान के लिए अब तक के महत्वपूर्ण उपलब्धियों में से एक है। संस्थान के अधिष्ठाता शैक्षणिक डॉ. आशुतोष गुप्ता ने यह जानकारी दी।

Ad

संस्थान के वर्तमान निदेशक प्रो. (डॉ.) वी. के. बंगा के कार्यभार ग्रहण करने के बाद से प्रवेश संख्या में लगातार सकारात्मक वृद्धि दर्ज की जा रही है। शैक्षणिक सत्र 2025-26 में संस्थान में 510 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया था, जबकि इस बार यह संख्या बढ़कर 600 पहुंच गई है।

यानी एक वर्ष में प्रवेश संख्या में 90 विद्यार्थियों की बढ़ोतरी हुई है। लगातार दूसरे वर्ष प्रवेश में हो रही यह वृद्धि संस्थान की शैक्षणिक गतिविधियों, नए पाठ्यक्रमों, विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध अवसरों और संस्थान के प्रति बढ़ते विश्वास को दर्शाती है।

नए बीसीए पाठ्यक्रम को भी मिला शानदार प्रतिसाद

इस शैक्षणिक सत्र की प्रमुख उपलब्धियों में संस्थान में नए पाठ्यक्रम के रूप में शुरू किया गया बैचलर ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशंस (बीसीए) कार्यक्रम भी शामिल है। बीसीए में 40 विद्यार्थियों की स्वीकृत प्रवेश क्षमता है, जिसके सापेक्ष अब तक 37 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है। नए पाठ्यक्रम को मिली उत्साहजनक प्रतिक्रिया कंप्यूटर एवं अनुप्रयोग आधारित शिक्षा के प्रति विद्यार्थियों की बढ़ती रुचि को दर्शाती है।

यह पाठ्यक्रम स्थानीय विद्यार्थियों के लिए बेहतर विकल्प के रूप में सामने आया है। साथ ही स्थानीय विद्यार्थियों के अलावा प्रदेश के विभिन्न जिलों से भी इसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रवेश लिया है। बीसीए कार्यक्रम का संचालन कंप्यूटर साइंस एंड एप्लीकेशंस विभाग के अंतर्गत किया जा रहा है।

बीटेक प्रथम वर्ष में 452 विद्यार्थियों का प्रवेश

बीटेक प्रथम वर्ष के विभिन्न पाठ्यक्रमों में कुल 452 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है। इनमें कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग में 65, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में 65, सिविल इंजीनियरिंग में 65, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग में 64, कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग (एआईएमएल) में 63, मैकेनिकल इंजीनियरिंग में 62, जैव प्रौद्योगिकी में 46 तथा मैकेनिकल इंजीनियरिंग (मैन्युफैक्चरिंग इंजीनियरिंग) में 22 विद्यार्थी शामिल हैं। इनमें पीएमएसएसएस, जम्मू-कश्मीर के अंतर्गत प्रवेश लेने वाले विद्यार्थी भी शामिल हैं।

लेटरल एंट्री से 70 विद्यार्थियों ने लिया प्रवेश

लेटरल एंट्री के माध्यम से बीटेक में कुल 70 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है। इनमें सिविल इंजीनियरिंग के 18, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के 12, मैकेनिकल इंजीनियरिंग के 11, मैकेनिकल इंजीनियरिंग (मैन्युफैक्चरिंग इंजीनियरिंग) के 9, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग के 7, कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग (एआईएमएल) के 7 तथा कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग के 6 विद्यार्थी शामिल हैं।

वहीं स्नातकोत्तर स्तर पर एमटेक कार्यक्रम में 18 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है। इनमें कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग के 11, स्ट्रक्चरल के 6 तथा पावर सिस्टम के 1 विद्यार्थी शामिल हैं। इसके अतिरिक्त मास्टर ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशंस (एमसीए) में 23 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है।

एक साल में 510 से 600 पहुंचा आंकड़ा

इस प्रकार शैक्षणिक सत्र 2026-27 में बीटेक प्रथम वर्ष, लेटरल एंट्री, एमटेक, एमसीए और बीसीए सहित संस्थान में कुल 600 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है। पिछले वर्ष 510 विद्यार्थियों के प्रवेश के बाद इस वर्ष यह संख्या 600 तक पहुंचना संस्थान के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

संस्थान के निदेशक प्रो. (डॉ.) वी. के. बंगा ने कहा कि माननीय तकनीकी शिक्षा मंत्री एवं अध्यक्ष, बोर्ड ऑफ गवर्नर्स डॉ. धन सिंह रावत के निरंतर मार्गदर्शन, सहयोग और तकनीकी शिक्षा के विकास के प्रति उनकी विशेष प्रतिबद्धता से राज्य में तकनीकी शिक्षा को नई दिशा मिल रही है।

उन्होंने कहा कि माननीय मंत्री द्वारा जीबीपीआईईटी की शैक्षणिक एवं संस्थागत प्रगति पर विशेष ध्यान देते हुए संस्थान को समय एवं मार्गदर्शन प्रदान किया जा रहा है। निदेशक ने उपाध्यक्ष, बोर्ड ऑफ गवर्नर्स डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा, आईएएस के निरंतर मार्गदर्शन एवं सहयोग के लिए भी आभार व्यक्त किया।

प्रो. बंगा ने कहा कि माननीय मंत्री एवं उपाध्यक्ष, बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के मार्गदर्शन तथा संस्थान परिवार के सामूहिक प्रयासों से प्रवेश, शैक्षणिक गतिविधियों और विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध अवसरों में लगातार सकारात्मक वृद्धि हो रही है।

उन्होंने कहा कि जीबीपीआईईटी प्रदेश में तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है।

What’s your Reaction?
+1
1
+1
1
+1
0
+1
0
+1
0

Ad

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें