DM रयाल का बड़ा एक्शन: रुद्रपुर में 9 एकड़ नजूल भूमि के पट्टे निरस्त, जमीन सरकार के नाम

खबर शेयर करें -

नैनीताल, प्रेस 15 न्यूज। जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल ने बड़ा और सख्त फैसला लेते हुए उधमसिंह नगर जिले के ग्राम रुद्रपुर की 3.60 हेक्टेयर (लगभग 9 एकड़) नजूल भूमि पर दिए गए सभी पट्टों को निरस्त कर भूमि को राज्य सरकार में निहित करने के आदेश जारी किए हैं।

जिलाधिकारी न्यायालय नैनीताल द्वारा वाद संख्या 51/4, 51/5 व 51/6 (वर्ष 2018-19) की सुनवाई करते हुए यह आदेश पारित किया गया। सुनवाई के दौरान ग्राम रुद्रपुर, तहसील रुद्रपुर के खसरा संख्या 66, 69 और 70 में स्थित कुल 3.60 हेक्टेयर भूमि पर वर्ष 2015 में किए गए पट्टा नियमितीकरण एवं उसके पश्चात प्रदान किए गए भूमिधरी अधिकारों को भी पूर्णतः निरस्त कर दिया गया।

Ad

उक्त वाद स्वर्ण सिंह पुत्र जीवन सिंह, दर्शन सिंह पुत्र कृपाल सिंह एवं हरकेवल सिंह/हरपाल सिंह पुत्र जागीर सिंह, निवासी जगतपुरा, तहसील रुद्रपुर द्वारा पूर्व में कलेक्टर, उधम सिंह नगर के समक्ष प्रस्तुत किए गए थे। बाद में इन मामलों को माननीय आयुक्त न्यायालय द्वारा सुनवाई एवं निस्तारण हेतु जिला मजिस्ट्रेट नैनीताल को हस्तांतरित किया गया, जहां वर्ष 2018 से ये प्रकरण विचाराधीन थे।

जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय ने अपने आदेश में स्पष्ट किया कि वाद में विचाराधीन भूमि मूलतः नजूल भूमि है। इसे श्रेणी वर्ग-4 में दर्ज किए जाने का आदेश अपर जिलाधिकारी, उधम सिंह नगर द्वारा पारित किया गया था, जिसे माननीय राजस्व परिषद, देहरादून द्वारा पूर्व में ही निरस्त किया जा चुका है। ऐसे में उक्त भूमि पर वर्ग-4 भूमि नियमितीकरण से संबंधित शासनादेशों का लाभ दिया जाना विधिसम्मत नहीं है, और न ही किसी प्रकार के भूमिधरी अधिकार प्रदान किए जा सकते हैं।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने अपने आदेश में तहसीलदार रुद्रपुर, जनपद उधम सिंह नगर को आदेशों के तत्काल एवं प्रभावी अनुपालन के निर्देश भी जारी किए हैं।

What’s your Reaction?
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें