
देहरादून, प्रेस 15 न्यूज। जन सेवा केंद्रों के माध्यम से आम लोगों को मिलने वाली सरकारी सेवाओं में निर्धारित मानकों और जनसुविधाओं की स्थिति जांचने के लिए जिला प्रशासन ने औचक निरीक्षण अभियान चलाया।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर उप जिलाधिकारी देहरादून के नेतृत्व में प्रशासन की टीम ने विभिन्न जन सेवा केंद्रों का औचक निरीक्षण एवं छापेमारी की। इस दौरान अनियमितताएं मिलने पर चार जन सेवा केंद्रों को मौके पर ही सील कर दिया गया, जबकि कई केंद्रों से कंप्यूटर और लैपटॉप प्रशासन ने अभिरक्षा में लिए हैं।
निरीक्षण के दौरान शादमान (CSC ID: 353233270019) के केंद्र पर अनियमितताएं पाए जाने पर उसे तत्काल प्रभाव से सील किया गया। इसी तरह हनी रमन (CSC ID: 554776230016) के केंद्र को भी मौके पर सील कर दिया गया। करन वर्मा (CSC ID: 626776760018) तथा प्राची कौशिक (CSC ID: 727124560013) के जन सेवा केंद्रों में भी जांच के दौरान कमियां मिलने पर दोनों केंद्रों को सील कर दिया गया।
कंप्यूटर और लैपटॉप अभिरक्षा में लिए
औचक निरीक्षण के दौरान तहसीलदार सदर द्वारा शादमान, पूनम खन्ना और करन वर्मा के केंद्रों से CPU अभिरक्षा में लिए गए। इसके अतिरिक्त पारुल बंसल और प्राची कौशिक के केंद्रों से लैपटॉप भी प्रशासन ने अभिरक्षा में लिए हैं।
CSC ID निरस्त करने की संस्तुति
पवन फर्स्वाण (CSC ID: 543342670011) के केंद्र पर पाई गई कमियों के संबंध में उसकी CSC ID निरस्त किए जाने की संस्तुति उच्चाधिकारियों को भेजी गई है। वहीं पूनम खन्ना (CSC ID: 317574420015) के केंद्र पर पाई गई कमियों के संबंध में उन्हें कड़ी चेतावनी जारी की गई है। पारुल बंसल (CSC ID: 252619240013) के केंद्र पर पाई गई अनियमितता के चलते लैपटॉप अभिरक्षा में लिया गया है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जन सेवा केंद्र आमजन को विभिन्न सरकारी सेवाएं एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित किए जाते हैं। ऐसे केंद्रों पर निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है। प्रशासन ने कहा कि आमजन की सुविधा से जुड़े इन केंद्रों पर किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता अथवा अवैध वसूली को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रशासन के अनुसार जन सेवा केंद्रों का औचक निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेगा। निरीक्षण के दौरान नियमों का उल्लंघन अथवा अन्य अनियमितताएं पाए जाने पर संबंधित केंद्र संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
औचक निरीक्षण अभियान के दौरान तहसीलदार सदर सुरेंद्र देव, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर हरेंद्र सिंह सहित तहसील एवं पुलिस की टीम मौजूद रही।









