
देहरादून, प्रेस 15 न्यूज। सीजेएम हैम्पटन कोर्ट स्कूल में वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह 2026 इस बार “शांति और संस्कृति” थीम के साथ भव्य और गरिमामय अंदाज में आयोजित किया गया। पूरे परिसर में उत्साह, ऊर्जा और सांस्कृतिक रंगों की खूबसूरत झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री के सचिव एवं कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत पहुंचे। खास बात यह रही कि वे इसी स्कूल के पूर्व छात्र भी हैं, जिससे उनका जुड़ाव कार्यक्रम को और भी खास बना गया। उनकी उपस्थिति ने छात्रों और शिक्षकों में अलग ही उत्साह भर दिया।
स्कूल की प्रधानाचार्या सिस्टर आइवी सहित बड़ी संख्या में अभिभावक, छात्र और पूर्व छात्र इस मौके के साक्षी बने।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसके बाद विद्यार्थियों ने शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कक्षा दसवीं के छात्रों द्वारा प्रस्तुत युद्ध की कीमत पर आधारित माइम एक्ट कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा, जिसने शांति का गहरा और भावनात्मक संदेश दिया।
वहीं, एलकेजी से लेकर कक्षा 12 तक के मेधावी छात्रों को शैक्षणिक और अन्य उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। रंग-बिरंगे नृत्य और प्रस्तुतियों ने पूरे माहौल को जीवंत और यादगार बना दिया।
अपने संबोधन में आयुक्त दीपक रावत ने कहा कि “शांति और संस्कृति ही समाज की सबसे बड़ी ताकत हैं।” उन्होंने छात्रों को भाईचारे, एकता और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। डिजिटल युग पर बात करते हुए उन्होंने मोबाइल फोन के संतुलित उपयोग की सलाह दी और बच्चों से कहा कि वे समय निकालकर खेलकूद, पैदल चलने और वास्तविक जीवन से जुड़ने की आदत विकसित करें।
आयुक्त दीपक रावत केवल एक प्रशासनिक अधिकारी ही नहीं, बल्कि आम जनता के बीच अपनी सक्रियता और संवेदनशील कार्यशैली के लिए भी जाने जाते हैं। आम जन की समस्याओं का त्वरित समाधान करने और जमीन पर उतरकर काम करने की उनकी शैली ने उन्हें अलग पहचान दिलाई है। यही कारण है कि छात्रों के बीच भी वे प्रेरणा के स्रोत के रूप में देखे जाते हैं।
यह समारोह न सिर्फ प्रतिभाओं के सम्मान का मंच बना, बल्कि शांति, संस्कृति और जीवन मूल्यों का संदेश भी सभी के दिलों में छोड़ गया।









