पंतनगर में सीएम धामी और केंद्रीय मंत्री शिवराज का आह्वान, शोध व नवाचार से सशक्त होगी खेती

खबर शेयर करें -

पंतनगर, प्रेस 15 न्यूज। पंडित गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर में आयोजित दो दिवसीय पूर्व छात्र सम्मेलन एवं ब्रेन 3.0 (बूस्टिंग रिसर्च, एकेडमिक, इनोवेशन एंड नेटवर्किंग) कार्यशाला का शुभारंभ केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तथा कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि हरित क्रांति की पावन भूमि पंतनगर आकर वे स्वयं को धन्य महसूस कर रहे हैं।

Ad

उन्होंने पंतनगर विश्वविद्यालय को परंपरा, आधुनिकता और अनुसंधान का त्रिवेणी संगम बताते हुए कहा कि इस संस्थान ने देश को वैज्ञानिक, नीति-निर्माता, कृषि उद्यमी और उत्कृष्ट मानव संसाधन दिए हैं, जिन्होंने भारतीय कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा प्रदान की है।

उन्होंने कहा कि आज भारत लगभग 377 मिलियन टन खाद्यान्न उत्पादन कर रहा है और चावल उत्पादन में चीन को पीछे छोड़कर विश्व में प्रथम स्थान पर पहुंच चुका है।

भारतीय गेहूं और बासमती चावल की वैश्विक मांग लगातार बढ़ रही है, जिसमें पंतनगर विश्वविद्यालय का योगदान अतुलनीय है। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन, गिरते भूजल स्तर, मिट्टी के स्वास्थ्य में गिरावट और रासायनिक उर्वरकों के अंधाधुंध उपयोग जैसी चुनौतियों का समाधान वैज्ञानिक अनुसंधान और नवाचार से ही संभव है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि पंतनगर विश्वविद्यालय केवल एक शिक्षण संस्थान नहीं, बल्कि भारत की हरित क्रांति का प्रमुख केंद्र है।

उन्होंने पूर्व छात्रों से कृषि, अनुसंधान, नवाचार, स्टार्टअप और युवाओं के मार्गदर्शन में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने पारंपरिक फसलों के संरक्षण, फल उत्पादन को बढ़ावा देने तथा कृषि से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए पूर्व छात्रों और विशेषज्ञों की समिति गठित करने का सुझाव भी दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का दौर एआई, ड्रोन तकनीक, डेटा एनालिटिक्स, जैव प्रौद्योगिकी और डिजिटल कृषि का है। ऐसे में विश्वविद्यालयों और पूर्व छात्रों को आधुनिक तकनीकों के अनुरूप अपनी भूमिका और अधिक प्रभावी बनानी होगी।

उन्होंने पर्वतीय कृषि के समक्ष जंगली जानवरों से फसल नुकसान, पलायन, सीमित बाजार पहुंच और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों का उल्लेख करते हुए सामूहिक प्रयासों पर बल दिया।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने सभी अतिथियों और पूर्व छात्रों का स्वागत करते हुए कहा कि राज्य गठन के बाद कृषि भूमि कम हुई है, लेकिन कृषि उत्पादन में तीन लाख टन की वृद्धि हुई है। उन्होंने पंतनगर विश्वविद्यालय को हेरिटेज विश्वविद्यालय घोषित किए जाने का अनुरोध भी किया।

इससे पूर्व केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पंतनगर संग्रहालय एवं स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया, विद्यार्थियों से संवाद किया, धान की रोपाई में भाग लिया तथा विश्वविद्यालय परिसर में पौधरोपण किया।

कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, विधायक शिव अरोरा, त्रिलोक सिंह चीमा, बंशीधर भगत, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, हुकम सिंह कुंवर, रणजीत सिंह नामधारी, सचिव डॉ. एस. एन. पांडे, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, कुलपति डॉ. एस. के. कश्यप, कुलसचिव दीपा विनय सहित अनेक अधिकारी, पूर्व छात्र एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

What’s your Reaction?
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें