
चम्पावत, प्रेस 15 न्यूज। चम्पावत के बाराकोट विकासखंड के बंतोली गांव की होनहार छात्रा कुसुम फर्त्याल ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है। कुसुम ने प्रतिष्ठित UGC NET-जेआरएफ परीक्षा में 99.98 परसेंटाइल प्राप्त करते हुए अखिल भारतीय स्तर पर 5वीं रैंक हासिल की है।
यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिणाम मानी जा रही है। गुरुवार को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर जिलाधिकारी मनीष कुमार ने जिला कार्यालय में कुसुम को सम्मानित किया। जिलाधिकारी ने उनकी उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण पृष्ठभूमि से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर स्थान बनाना अन्य छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने स्मृति चिन्ह भेंट कर कुसुम के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कुसुम की प्रारंभिक शिक्षा लोहाघाट के राजकीय प्राथमिक विद्यालय बंतोली से हुई। इसके बाद उन्होंने राजकीय इंटर कॉलेज बापरू से इंटरमीडिएट उत्तीर्ण किया। उच्च शिक्षा उन्होंने स्वामी विवेकानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय लोहाघाट से पूरी की।
अपनी सफलता की कहानी साझा करते हुए कुसुम ने बताया कि निरंतर अध्ययन और लक्ष्य के प्रति स्पष्ट दृष्टि ने उन्हें यह मुकाम दिलाया। उन्होंने बताया कि अब वह रसायन विज्ञान विषय में पीएचडी कर शोध के क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहती हैं।
कुसुम की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। ग्रामीण परिवेश की प्रतिभा का राष्ट्रीय पटल पर इस तरह उभरना क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बन गया है।
सम्मान कार्यक्रम के दौरान कुसुम के पिता एवं बंतोली के पूर्व ग्राम प्रधान भवान सिंह फर्त्याल तथा नवीन पंत सहित अन्य लोग भी उपस्थित रहे।









