
चंपावत, प्रेस 15 न्यूज। देवभूमि उत्तराखंड लगातार शर्मसार हो रही है। कभी दूसरे राज्यों तो कभी अपने ही राज्य में पले बढ़े शैतानों से। सोचिए उस बुजुर्ग पिता पर आज क्या बीत रही होगी जिसने एक औलाद के लिए न जाने कितने ही मंदिरों में प्रार्थना की हो।
काफी मन्नतों के बाद जब 52 साल की उम्र में घर पर बेटी ने जन्म दिया तो मानो खुशी सातवें आसमान पर थी। लेकिन दरिदों ने अपनी हवस के सामने उस बुजुर्ग पिता की खुशी का भी लिहाज नहीं किया।
मजदूरी और खेतीबाड़ी कर किसी तरह भरण पोषण करने के साथ जिंदगी जीने वाले बुजुर्ग पिता ने बताया कि उनकी बेटी जब महज छह महीने की थी तो बीमारी के चलते उसकी मां का चल बसी।
पत्नी की मौत के बाद भी उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और खुशी खुशी बेटी का पालन पोषण से लेकर पढ़ाई सुचारू रखी।
इस बीच अब बेटी कक्षा 10वीं में पहुंच गई। बताया कि कुछ समय पहले वह बीमार हुए और कमर के नीचे से चलने फिरने में असहाय हो गए। जिसके बाद बेटी उन्हें गांव से चंपावत शहर ले आई। यहां किराए पर कमरा लेकर खुद पढ़ाई के साथ एक दुकान पर काम करने लगी। जिससे घर का खर्च, पिता का इलाज सब हो सके। जब बुजुर्ग पिता ने अपनी लाडली को इस हाल में देखा तो उनका कलेजा फट गया।
जिला मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर दोस्त की मेहंदी रस्म में शामिल होने गई 10वीं की छात्रा के साथ मंगलवार रात तीन दरिदों (भाजपा के पूर्व मंडल उपाध्यक्ष पूरन सिंह रावत, विनोद सिंह रावत और नवीन सिंह रावत) ने मिलकर दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया।
क्रूरता इस कदर कि कि दुष्कर्म के बाद जब पीड़ित छात्रा ने अपने घर पर पिता को फोन करने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। और छात्रा के हाथ पैर बांधकर कमरे में ताला लगाकर भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दर्द से कराह रही छात्रा को कमरे से निकाला। फिलहाल एक आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है। शेष दो अब भी फरार हैं।
मामले में सत्ताधारी दल से जुड़े नेता के आरोपी होने के कारण पुलिस भी फूंक फूंक कर कदम रख रही है। फिलहाल इस मामले ने चंपावत समेत राज्य भर के लोगों को गुस्से से भर दिया है। हर तरफ से आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग उठ रही है।
कोतवाली क्षेत्र निवासी एक 10वीं की छात्रा पढ़ाई के साथ ही चंपावत में आइसक्रीम पार्लर में काम कर बीमार पिता के इलाज और घर खर्च की जिम्मेदारी थी। बुधवार को सल्ली गांव में उसकी सहेली की शादी थी। इससे पहले मंगलवार को मेहंदी और महिला संगीत कार्यक्रम था, जिसमें शामिल होने के लिए गई।
पीड़िता के बुजुर्ग पिता के अनुसार, मंगलवार रात करीब डेढ़ बजे उनकी बेटी का एक कॉल आया, लेकिन कुछ ही देर के बाद फोन बंद हो गया। जिसपर ग्रामीणों के साथ पिता ने पुलिस को सूचित किया।
सूचना पर पुलिस ने छात्रा को एक कमरे बंद कमरे से बरामद किया। जिसमें रस्सी से उसके हाथ पैर बंधे और निर्वस्त्र मिली। पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल के लिए भेज दिया है, साथ ही उसके पिता की तहरीर पर कार्रवाई कर रही है।
इधर, तहरीर देने के दौरान दोनों पक्षों के बीच कोतवाली के अंदर ही जमकर लात घूसे चले। जिस पर हड़कंप मच गया। पुलिस ने बलपूर्वक लोगों को हटाया। आरोपियों में एक भाजपा मंडल के उपाध्यक्ष, दूसरा पूर्व प्रधान और एक छात्र शामिल है। बताया जा रहा है कि छात्र और पूर्व प्रधान चाचा भतीजा हैं।









